Gym Owner Yogesh Banekar Attacked In Pune: पुणे के सहकार नगर में बुधवार रात खौफनाक वारदार हुई। यहां एक जिम संचालक को निशाना बनाकर सरेआम फायरिंग की गई। हमलावरों ने न सिर्फ गोलियां चलाईं, बल्कि पीड़ित को दौड़ाकर धारदार हथियार से भी वार किए।
महाराष्ट्र के पुणे में एक जिम संचालक पर जानलेवा हमला हुआ है। पुलिस के अनुसार 4 हमलावरों ने कथित तौर पर तीन राउंड फायरिंग की और बाद में जिम संचालक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में जिम संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। शिकायत के बाद फिलहाल पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
यह घटना पुणे जिले के सहकार नगर इलाके की बताई जा रही है। FIR के अनुसार, पीड़ित योगेश महेश बानेकर (33) बुधवार रात करीब 9:45 बजे बिकानेर चौक पर अपनी मोटरसाइकिल के साथ फल खरीदने के लिए रुका था। इसी दौरान दो वाहनों पर सवार होकर आए चार लोगों ने उस पर हमला कर दिया।
पुलिस में की गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आदित्य विष्णु थोपटे, अनिकेत महादेव शिरसाट, रोहित संतोष नाचरे और लखन उर्फ लकी चंद्रकांत वाघमारे ने बानेकर की हत्या करने के इरादे से उस पर तीन बार फायरिंग की। शिकायत के अनुसार, आरोपियों की ओर से चलाई गई गोलियों में से एक गोली उनके सिर के पीछे की ओर मारी गई।
इसके बाद जब जिम संचालक योगेश बानेकर खुद को बचाने के लिए वहां से भागने लगा, तब हमलावरों ने उसका पीछा किया। आरोपियों में से एक ने उसे पकड़ने की बात कहते हुए पीछा किया और अपने हाथ में मौजूद कोयता जैसे धारदार हथियार से सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें:- पुणे के नवले ब्रिज के नीचे बेलगाम टैंकर का कहर! टर्निग पर मुड़ते ही पलटा सीमेंट मिक्सर, देखें खौफनाक VIDEO
घायल जिम संचालक योगेश बानेकर को उपचार के लिए चिन्मय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले पर जानकारी देते हुए पुणे पुलिस के उपायुक्त मिलिंद मोहिते ने बताया कि सहकार नगर पुलिस थाना क्षेत्र में रात करीब 10 बजे फायरिंग की घटना हुई। उन्होंने कहा कि योगेश बानेकर नामक जिम संचालक पर चार लोगों ने दो वाहनों से आकर फायरिंग की। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी मिलिंद मोहिते ने बताया कि घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।