Pimpri Chinchwad News In Hindi: राज्य में महानगरपालिका चुनावों को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। सत्ता में शामिल भाजपा, अजीत गुट और शिवसेना कई जगहों पर अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं।
पुणे और पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका चुनावों के दौरान भी इन दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिल रहे हैं। इसी बीच भाजपा के चुनाव प्रमुख और विधायक शंकर जगताप ने दावा किया था कि 128 में से 125 नगरसेवक भाजपा के चुने जाएंगे।
इस पर प्रतिक्रिया देते अजीत गुट के शहराध्यक्ष योगेश बहल ने कहा था कि अगर भाजपा को 125 सीटें मिलती हैं तो वे हमेशा के लिए राजनीति छोड़ देंगे। बहल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगरसेवकों को भाजपा में शामिल करते समय कहा जाता है कि मतदान मशीन यानी ईवीएम में पहले से ही दो से ढाई हजार वोट अपने-आप मिल जाएंगे।
इसी मुद्दे पर मनसे अध्यक्ष ने कहा कि अजीत पवार खुद यह कहते हुए सामने आए कि उनके लोगों से कहा गया था कि भाजपा में आ जाओ, ईवीएम मशीन में पहले से दो-ढाई हजार वोट भरे हुए हैं। राज ने यह भी दावा किया कि उनके पास इसका वीडियो है। सत्ता में शामिल एक जिम्मेदार व्यक्ति, जो महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री है, अगर इस तरह का बयान देता है कि भाजपा ने मशीन में दो-ढाई हजार वोट भर रखे हैं, तो जनता को क्या समझना चाहिए।
योगेश बहल ने पहले कहा था कि ईवीएम मशीने सेट की गई है या नहीं, यह उन्हें ही पता है। उन्होंने कहा था कि फोड़ाफोड़ की राजनीति में भाजपा के लिए 100 सीटें भी जीतना मुश्किल है। बहल का आरोप था कि भाजपा लोगों से कह रही है कि ईवीएम मशीन में अपने-आप दो से ढाई हजार वोट मिल जाएंगे और बाकी मदद भी की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा था कि जो लोग राष्ट्रवादी छोड़कर जा रहे है, उन्हें खुद पर भरोसा नहीं है कि वे राष्ट्रवादी के टिकट पर जीत सकते हैं। जनता ऐसे लोगों को उनकी जगह जरूर दिखाएगी।