डॉ. शरणकुमार लिंबाले 100वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष चुने गए।
महाराष्ट्र साहित्य परिषद के अध्यक्ष योगेश सोमण ने सर्वसम्मति से चयन की घोषणा की।
सम्मेलन 27 से 30 जनवरी तक सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में होगा।
सूखे की स्थिति को देखते हुए सादगी और साहित्यिक विमर्श पर जोर दिया जाएगा।
Akhil Bharatiya Marathi Sahitya Sammelan: पुणे में आयोजित होने वाले 100वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शरणकुमार लिंबाले का सर्वसम्मति से चयन किया गया है। महाराष्ट्र साहित्य परिषद के अध्यक्ष योगेश सोमण ने मंगलवार को पत्रकार परिषद में इसकी घोषणा की। लिंबाले के साहित्यिक योगदान और मराठी साहित्य में उनके महत्वपूर्ण स्थान को देखते हुए यह चयन किए जाने की जानकारी सोमण ने दी।
डॉ. शरणकुमार लिंबाले ने वर्ष 1982 से लेखन की शुरुआत की थी। उनकी चर्चित आत्मकथा 'अक्करमाशी' ने जाति व्यवस्था की कड़वी हकीकत और वंचित समाज के संघर्ष को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा 'राणीमाशी' सहित उनके कई ग्रंथ साहित्य जगत में चर्चित रहे हैं।
दलित साहित्य का सौंदर्यशास्त्र' पुस्तक के माध्यम से उन्होंने दलित साहित्य की स्वतंत्र वैचारिक और सैद्धांतिक व्याख्या प्रस्तुत की उपन्यास, कहानी, कविता और समीक्षा सहित विभिन्न साहित्यिक विधाओं में उनका योगदान रहा है। उनके उपन्यास 'सनातन' के लिए उन्हें वर्ष 2020 में प्रतिष्ठित सरस्वती सम्मान से सम्मानित किया गया था। उनके साहित्य का मलयालम, कन्नड़ सहित कई भारतीय भाषाओं में अनुवाद भी हुआ है।
इस बीच, सूखे की मौजूदा स्थिति को देखते हुए शताब्दी साहित्य सम्मेलन को भव्य आयोजन के बजाय सादगी से आयोजित करने पर महामंडल की बैठक में विचार किया गया। सम्मेलन में दिखावे और आयोजन की भव्यता पर अधिक खर्च करने के बजाय साहित्यिक विमर्श, विचारोत्तेजक परिसंवाद और वैचारिक आदान-प्रदान को प्राथमिकता देने की भूमिका रखी गई है। साहित्यिक गुणवत्ता और वैचारिक मूल्य से समझौता किए बिना अनावश्यक खर्च से बचने का प्रयास किया जाएगा।
सम्मेलन के लिए सरकार से आर्थिक सहायता ली जाए या अन्य माध्यमों से निधि जुटाई जाए, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। इस विषय पर दोबारा बैठक लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार किया जाएगा। सम्मेलन की रूपरेखा और विभिन्न परिसंवादों के विषयों पर भी चर्चा हुई है। जल्द ही इन्हें अंतिम रूप दिया जाएगा।
100वां अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन 27 से 30 जनवरी तक सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में आयोजित किया जाएगा। 27 जनवरी को ग्रंथदिंडी और 28 जनवरी को उद्घाटन करने का विकल्प विचाराधीन है। उद्घाटक और प्रमुख अतिथियों की उपलब्धता के अनुसार अंतिम कार्यक्रम तय होगा। अगले आठ दिनों में इस संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। सम्मेलन के स्वागताध्यक्ष के नाम पर भी विचार-विमर्श जारी है।
नवनिर्वाचित सम्मेलनाध्यक्ष डॉ. शरणकुमार लिंबाले का महाराष्ट्र साहित्य परिषद की ओर से मंगलवार शाम पांच बजे माधवराव पटवर्धन सभागृह में आधिकारिक सत्कार किया जाएगा। इसके अलावा, मराठी विश्वकोश के लिए मंजूर पांच करोड़ रुपये की निधि में से शेष राशि दिए जाने का मुद्दा भी पत्रकार परिषद में उठा। इस पर सोमण ने स्पष्ट किया कि शेष निधि दी जानी है।
नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट