Rahul Gandhi Savarkar Defamation Case Pune Court: महात्मा गांधी की हत्या के दोषी नाथूराम गोडसे के भाई गोपाल गोडसे के एक पुराने इंटरव्यू की वीडियो रिकॉर्डिंग और उसकी ट्रांसक्रिप्ट बुधवार को पुणे की अदालत में पेश की गई। यह सामग्री कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ चल रहे मानहानि मामले में उनके वकीलों ने अदालत के समक्ष रखी।
राहुल गांधी पर 2023 में लंदन में दिए गए भाषण के दौरान स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। यह मुकदमा सावरकर के प्रपौत्र सात्यकी सावरकर ने दायर किया है। मामले की सुनवाई के दौरान राहुल गांधी के वकील मिलिंद पवार ने शिकायतकर्ता सात्यकी सावरकर को एक पेन ड्राइव सौंपी, जिसमें गोपाल गोडसे का पुराना इंटरव्यू दर्ज है।
इंटरव्यू में गोपाल गोडसे ने कथित तौर पर कहा था कि नाथूराम गोडसे आरएसएस के स्वयंसेवक थे। इसी बातचीत में यह भी कहा था कि आरएसएस ने महात्मा गांधी की हत्या का कभी प्रचार या समर्थन नहीं किया।
इंटरव्यू में सावरकर के हिंदुत्व संबंधी विचारों, आरएसएस और हिंदू महासभा की भूमिका, गांधी हत्या के बाद आरएसएस पर लगे प्रतिबंध और जनसंघ की स्थापना सहित कई मुद्दों पर चर्चा की गई थी।
क्रॉस-एग्जामिनेशन के दौरान सात्यकी सावरकर ने इस आरोप को खारिज किया कि विनायक दामोदर सावरकर मुसलमानों से नफरत करते थे। राहुल के बयानों से सावरकर की छवि एक 'मुसलमानों के कट्टर विरोधी' और भीड़ हिंसा में शामिल व्यक्ति के रूप में पेश करने की कोशिश की गई।
राहुल गांधी ने अपने बयान में सावरकर की एक रचना का हवाला देते हुए कहा था कि उन्होंने अपने साथियों के साथ एक मुस्लिम युवक की पिटाई करने में खुशी महसूस करने की बात लिखी थी।