Vasai East Kajupada Lalita Sathe Snakebite Death: मानसून के दौरान ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में जहरीले जीव-जंतुओं की आवाजाही बढ़ने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। वसई पूर्व के काजूपाड़ा-राजावली इलाके में रविवार तड़के घर में सो रही 27 वर्षीय विवाहित महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वसई क्षेत्र में एक महीने के भीतर सर्पदंश से मौत का यह दूसरा मामला बताया जा रहा है।
मृतका की पहचान ललिता राजेश साठे (27) के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ काजूपाड़ा राजावली इलाके में रहती थीं। जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर की सुबह करीब 5:30 बजे ललिता घर में सो रही थीं। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया।
घटना का पता चलते ही परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए वसई-विरार शहर महानगरपालिका के सर डी. एम. पेटिट अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए उपचार किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वसई-विरार पुलिस की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मानसून के कारण वसई-विरार और आसपास के इलाकों में सांपों की आवाजाही बढ़ने की बात सामने आ रही है। इससे पहले 10 अगस्त को विरार पूर्व के उसगांव-भाटाने इलाके में खेत में काम करने के दौरान 53 वर्षीय सुमन मारुति कॉम को सांप ने डस लिया था।
इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई थी। एक महीने के भीतर सर्पदंश से दो मौतों के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। खासकर खेतों, झाड़ियों और कच्चे मकानों के आसपास रहने वाले लोगों को अधिक सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
मानसून के दौरान सांप अक्सर पानी से बचने के लिए घरों, झाड़ियों और सूखी जगहों की ओर आ सकते हैं। ऐसे में घर के आसपास कचरा और झाड़ियां जमा न होने दें। जमीन पर सोने से बचें और संभव हो तो खाट या बेड का इस्तेमाल करें। रात में बाहर निकलते समय रोशनी का इस्तेमाल करें।
सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाना बेहद जरूरी है।