Palghar Boisar SBI ATM Fraud Case: पालघर जिले के बोईसर में एटीएम कक्ष के अंदर महिला से धोखाधड़ी कर उसके बैंक खाते से 80 हजार रुपये निकालने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी की रकम में से 60 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना 14 सितंबर 2026 की सुबह करीब 11.30 बजे शिवाजी नगर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में हुई। शिकायतकर्ता महिला एटीएम से पैसे निकालने पहुंची थीं। उन्होंने कार्ड के जरिए पहले 7 हजार रुपये निकाले। इसके बाद उन्होंने दोबारा रकम निकालने की कोशिश की तो उनका डेबिट कार्ड मशीन के अंदर फंस गया।
कार्ड फंसने के दौरान एटीएम कक्ष में छिपाकर रखे गए वॉकी-टॉकी के माध्यम से आरोपी ने महिला से संपर्क किया। उसने खुद को एटीएम कक्ष की निगरानी करने वाला कर्मचारी बताया और महिला से कहा कि वह कैमरे के जरिए उनकी गतिविधियां देख रहा है।
आरोपी ने महिला को भरोसे में लेकर कार्ड निकालने के लिए तीन बार PIN डालने और मशीन पर बताए गए बटन दबाने को कहा। महिला ने उसके निर्देशों का पालन किया, लेकिन कार्ड मशीन से बाहर नहीं आया।
इसके बाद आरोपी ने महिला से उसका मोबाइल नंबर लिखकर एटीएम कक्ष में छोड़ने को कहा। उसने कथित तौर पर बताया कि मशीन ऑपरेटर के आने के बाद कार्ड निकालकर उन्हें फोन कर दिया जाएगा।
महिला के एटीएम कक्ष से चले जाने के बाद आरोपी ने मशीन से डेबिट कार्ड निकाल लिया। पुलिस के अनुसार, उसने धोखे से महिला का ATM PIN हासिल किया और कार्ड का इस्तेमाल कर उसके बैंक खाते से कुल 80 हजार रुपये निकाल लिए।
घटना की शिकायत मिलने के बाद पालघर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख के मार्गदर्शन में जांच टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान जितेंद्र रामदेव पाल के रूप में की। वह मनीनगर, कलवा पश्चिम ठाणे शहर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की रकम में से 60 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस ठगी के तरीके तथा आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।