जारी विकास कार्य (सोर्स: नवभारत)
नासिक

सिंहस्थ कुंभ 2027 की तैयारी तेज, नासिक के 5 रेलवे स्टेशनों पर ₹1,630 करोड़ के काम

Nashik Railway Station Development: सिंहस्थ कुंभ के लिए रेलवे ने नासिक के 5 स्टेशनों पर 93 विकास कार्य शुरू किए हैं। ₹1,630.43 करोड़ की लागत से ट्रैक, सिग्नलिंग इत्यादि का विस्तार किया जा रहा है।

गोरक्ष पोफली

Highlights

  • सिंहस्थ कुंभ 2027 के लिए नासिक के पांच रेलवे स्टेशनों पर 93 विकास कार्य जारी।

  • परियोजनाओं पर कुल ₹1,630.43 करोड़ खर्च होने का अनुमान।

  • देवलाली, नासिक रोड, ओढ़ा, खेरवाड़ी और कसबे सुकेणे स्टेशन शामिल।

  • ट्रैक, प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज, यात्री सुविधाओं और सिग्नलिंग व्यवस्था का विस्तार।

  • खेरवाड़ी और कसबे सुकेणे में यार्ड रीमॉडलिंग व सिग्नलिंग कार्य 30 सितंबर 2026 को चालू किए गए।

Simhastha Kumbh Mela 2027 Railway Preparation: सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के मद्देनजर मध्य रेलवे के भुसावल मंडल ने नासिक क्षेत्र के पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर बुनियादी ढांचे के विकास कार्य तेज कर दिए हैं। देवलाली, नासिक रोड, ओढ़ा, खेरवाड़ी और कसबे सुकेने स्टेशनों पर कुल 1,630.43 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 93 विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य कुंभ मेले के दौरान बढ़ने वाली यात्री संख्या को संभालने के साथ रेल परिचालन को सुरक्षित, सुचारु और अधिक प्रभावी बनाना है।

इन परियोजनाओं के तहत रेलवे ट्रैक का विस्तार और सुधार, यार्ड रीमॉडलिंग, आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली, प्लेटफॉर्म विकास, फुट ओवरब्रिज, यात्री होल्डिंग एरिया, स्टेशन भवन, जलापूर्ति और स्वच्छता सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। इससे कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और ट्रेनों के संचालन को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

पांचों स्टेशनों पर महत्वपूर्ण कार्य पूरे

रेलवे के अनुसार, पांचों स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग भवनों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इससे परिचालन सुरक्षा और सिग्नलिंग व्यवस्था मजबूत हुई है। खेरवाड़ी और कसबे सुकेने स्टेशनों पर यार्ड रीमॉडलिंग एवं सिग्नलिंग से जुड़े कार्य 30 सितंबर 2026 को सफलतापूर्वक चालू कर दिए गए। वहीं, कसबे सुकेने, खेरवाड़ी और नासिक रोड में पुल विस्तार के कार्य पूरे हो चुके हैं। ओढ़ा और देवलाली में इन कार्यों की प्रगति 90 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

स्टेशनवार विकास कार्यों की स्थिति

1. नासिक रोड स्टेशन पर 55 प्रतिशत कार्य पूरे

नासिक आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख केंद्र नासिक रोड स्टेशन पर ट्रैक संबंधी 55 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं। प्लेटफॉर्म कवर शेड का 50 प्रतिशत और 12 मीटर चौड़े नए फुट ओवरब्रिज का 40 प्रतिशत निर्माण पूरा हुआ है। मेला नियंत्रण टावर का निर्माण 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसके अलावा स्टेशन के पूर्वी हिस्से में अतिरिक्त स्टेशन भवन बनाया जा रहा है।

2. देवलाली स्टेशन का काम जारी

यहां ट्रैक संबंधी 65 प्रतिशत और प्लेटफॉर्म विकास के 60 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं। 100 किलोलीटर प्रतिदिन (KLD) क्षमता वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित कर चालू कर दिया गया है। पिट लाइन शेड और जल वितरण पाइपलाइन का काम भी जारी है।

3. ओढ़ा स्टेशन 10.18 KM ट्रैक लिंकिंग काम पूरा

यहां निर्धारित 11 किलोमीटर में से 10.18 किलोमीटर ट्रैक लिंकिंग का काम पूरा हो चुका है। कुल ट्रैक कार्य 90 प्रतिशत पूर्ण है। प्लेटफॉर्म निर्माण 80 प्रतिशत और प्लेटफॉर्म कवर शेड का काम 85 प्रतिशत पूरा हो गया है। इन सुविधाओं से अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन में मदद मिलेगी।

4. खेरवाड़ी स्टेशन ट्रैक से जुड़े कार्य पूरे

यहां ट्रैक से जुड़े सभी कार्य 100 प्रतिशत पूरे हो चुके हैं। इनमें 590 मीटर ट्रैक स्लीविंग, 60 किलोग्राम रेल के साथ 693 मीटर रेल नवीनीकरण और दो टर्नआउट को 1 इन 12 थिक वेब स्विच से बदलना शामिल है। जल टंकी से संबंधित कार्य भी 95 प्रतिशत पूरे हो चुके हैं।

5. कसबे सुकेने स्टेशन का काम जारी

यहां सभी छह पुल विस्तार संबंधी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। प्लेटफॉर्म शेड का 85 प्रतिशत, प्लेटफॉर्म निर्माण का 75 प्रतिशत और फुट ओवरब्रिज का 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इन सुविधाओं से यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम होगी।

मनमाड-इगतपुरी रेलखंड पर ऑटोमैटिक सिग्नलिंग

स्टेशन विकास के साथ मनमाड-इगतपुरी रेलखंड पर ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली का काम भी जारी है। इसकी स्टेशनवार प्रगति देवलाली में 68 प्रतिशत, नासिक रोड में 80 प्रतिशत, ओढ़ा में 93 प्रतिशत तथा खेरवाड़ी और कसबे सुकेने में 100 प्रतिशत दर्ज की गई है। इसके अलावा यात्री होल्डिंग एरिया, शौचालय, कर्मचारी आवास, चारदीवारी, जल टंकियों और स्टेशन भवनों के निर्माण एवं सुधार के कार्य भी किए जा रहे हैं।

कुंभ के बाद भी यात्रियों को मिलेगा लाभ

भुसावल मंडल के अधिकारियों द्वारा सभी 93 परियोजनाओं की नियमित समीक्षा और निरीक्षण किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक (DRM) और वरिष्ठ अधिकारी स्टेशनवार प्रगति पर नजर रख रहे हैं, ताकि सिंहस्थ कुंभ मेला 2027 से पहले जरूरी कार्य पूरे किए जा सकें।

रेलवे के अनुसार, इन परियोजनाओं का लाभ केवल कुंभ मेले तक सीमित नहीं रहेगा। बेहतर ट्रैक, आधुनिक सिग्नलिंग, उन्नत प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और यात्री सुविधाओं से भविष्य में भी नासिक क्षेत्र के यात्रियों को फायदा मिलेगा। मध्य रेलवे का भुसावल मंडल सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की दिशा में काम कर रहा है।

कार्तिगई दीपम विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त रुख, अधिकारियों को अवमानना नोटिस; CRPF संभालेगी सुरक्षा

Delimitation Bill LIVE: इंडिया गठबंधन में फूट, RJD सांसद ने किया परिसीमन बिल का समर्थन; सुप्रिया ने बनाई दूरी

मुंबई को दहलाने की धमकी देने वाला निकला तमिलनाडु का इंजीनियर, अमेरिका से 1500 फर्जी धमकियां देने का शक

संसद के विशेष सत्र से पहले India ब्लॉक में बगावत, RJD सांसद ने किया परिसीमन का समर्थन; बोले-यह जनता के हित में

संसद सत्र से पहले महाराष्ट्र में हलचल तेज, शिवसेना ने भी जारी की व्हिप; शिंदे ने सांसदों को मुंबई बुलाया