Samruddhi Mahamarg Robbery Case 7 Accused Arrested: नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग पर नासिक जिले के सिन्नर क्षेत्र में हुई 18 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की वारदात को सुलझाने में नासिक ग्रामीण पुलिस ने सफलता मिली है। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरोह का पर्दाफाश कर 7 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में कुल 12 आरोपी शामिल थे, जिनमें से 5 अभी भी फरार हैं। पकड़े गए सभी आरोपी मुख्य रूप से धाराशिव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
यह घटना नासिक जिले के सिन्नर तहसील में मलढोण और दुशिंगपुर के बीच समृद्धि महामार्ग पर घटी थी। शातिर लुटेरों ने चलती गाड़ियों को रोकने के लिए सड़क पर लोहे की धारदार वस्तुएं फैला दी थीं। जैसे ही एक वकील का परिवार अपनी कार से वहां से गुजरा, गाड़ी के टायर पंचर हो गए।
कार के रुकते ही झाड़ियों में छिपे लुटेरों ने परिवार पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और बंदूक व धारदार हथियारों के बल पर लगभग 18 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने व नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नासिक ग्रामीण पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक डी. एस. स्वामी के नेतृत्व में करीब 10 पुलिस टीमें गठित की गईं। तकनीकी विश्लेषण के साथ मेडिकल स्टोर, ग्राम पंचायत, होटल और अन्य स्थानों की जांच की गई। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
नासिक ग्रामीण पुलिस ने अर्जुन पवार, अशोक शिंदे, लखन काले, धनाजी पवार, नितीन शिंदे और गोविंद पवार समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इनमें अशोक शिंदे और अर्जुन पवार गिरोह के मुख्य सूत्रधार हैं। हालांकि, वारदात में शामिल पांच अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
नासिक ग्रामीण पुलिस ने समृद्धि महामार्ग पर हुई लूट की वारदात में इस्तेमाल किए गए दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने समृद्धि महामार्ग पर दो वाहनों में सवार यात्रियों को निशाना बनाया था।
प्राथमिक जांच के अनुसार, गिरोह समृद्धि महामार्ग पर वाहनों को रोकने के लिए सड़क पर धारदार लोहे की वस्तुएं डालता था। टायर पंक्चर होने के बाद वाहन रुकते ही आरोपी यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट करते थे। सिन्नर के पास दो-तीन वाहनों के टायर फोड़ने की जानकारी भी सामने आई है।