रामकुंड (फोटो नवभारत)
नासिक

सिंहस्थ कुंभ से पहले नासिक में धर्म ध्वजा का आयोजन, जुटेंगे देशभर के संत-महंत, राष्ट्रपति को भी न्योता

Dharma Dhwaja Ceremony: नासिक में सिंहस्थ कुंभ 2026-27 से पहले 31 अक्टूबर को रामकुंड पर धर्म ध्वजा स्थापित होगी। देशभर के संतों के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भी न्योता दिया गया है।

आलोक उमाकृष्ण

रामबाबू चौबे

Nashik Simhastha Kumbh: आगामी सिंहस्थ कुंभ मेला 2026-27 को लेकर नासिक और त्र्यंबकेश्वर में प्रशासनिक और धार्मिक स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं। कुंभ मेले के औपचारिक शुभारंभ से पहले आगामी 31 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12:02 बजे नासिक के पवित्र रामकुंड पर भव्य 'धर्म ध्वजा' की स्थापना की जाएगी। इस ऐतिहासिक और दिव्य आयोजन को लेकर गंगा गोदावरी पंचकोटि पुरोहित संघ और प्रशासन ने कमर कस ली है।

त्र्यंबकेश्वर और नासिक में अलग-अलग परंपरा

कुंभ मेले के नियमों के अनुसार, नासिक-तपोवन क्षेत्र में वैष्णव संप्रदाय के संतों, महामंडलेश्वरों और अखाड़ों की छावनियां लगती हैं, जबकि त्र्यंबकेश्वर में शैव और उदासीन संप्रदाय का मुख्य केंद्र होता है।

यही कारण है कि त्र्यंबकेश्वर में सनातन धर्म के सबसे बड़े धर्मगुरु श्रृंगेरी पीठ के शंकराचार्य विधुशेखर भारती धर्म ध्वजा स्थापित करेंगे, वहीं नासिक के रामकुंड पर वैष्णव संप्रदाय के प्रमुख धर्मगुरु ध्वजारोहण करेंगे।

जगद्गुरु श्रीमद् रामानंदाचार्य नरेंद्रचार्यजी महाराज

वैष्णव अखाड़े और धर्मगुरुओं का महाकुंभ

नासिक के रामकुंड पर होने वाली इस धर्म ध्वजा स्थापना समारोह में देश के दिग्गज आध्यात्मिक संत जुटेंगे। गंगा गोदावरी पंचकोटि पुरोहित संघ पंचवटी के अध्यक्ष चंद्रशेखर नंदकुमार पंचाक्षरी ने नवभारत से विशेष बातचीत में बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जगद्गुरु श्रीमद् रामानंदाचार्य नरेंद्रचार्यजी महाराज (दक्षिण पीठ, नानीजधाम) उपस्थित रहेंगे।

इसके साथ ही वल्लभाचार्य (गुजरात), माधवाचार्य (महाराष्ट्र-मुंबई) तथा वैष्णव संप्रदाय के तीनों अनी अखाड़ों (दिग्गंबर, निर्मोही, और निर्माणी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, कुंभ मेला प्रभारी, सैकड़ों महामंडलेश्वर, श्री महंत और अखाड़े के पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

महामहिम राष्ट्रपति के आगमन की 90 प्रतिशत संभावना

इस आयोजन को ऐतिहासिक और अलौकिक बनाने के लिए पुरोहित संघ और कुंभ मेला विकास प्राधिकरण द्वारा भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भी मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

पुरोहित संघ के अनुसार, राष्ट्रपति के नासिक आने की संभावना 90 प्रतिशत से अधिक है। हालांकि, आधिकारिक स्वीकृति पत्र प्राप्त होना अभी बाकी है, जिसके बाद रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।

ऐतिहासिक बनाने की अपील

कुंभ मेला विकास प्राधिकरण और नासिक मनपा के सहयोग से आयोजित होने वाले इस भव्य अनुष्ठान को लेकर पुरोहित संघ के अध्यक्ष चंद्रशेखर नंदकुमार पंचाक्षरी ने समस्त नासिक वासियों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर बढ़-चढ़कर सहयोग करें और इस धार्मिक उत्सव को ऐतिहासिक बनाएं।

सुभाष चंद्रा की बढ़ीं मुश्किलें, 1322 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में CBI ने दर्ज की FIR

भाग सकते हो, छिप नहीं सकते..., कश्मीर में सुरक्षाबलों ने लश्कर के पाकिस्तानी कमांडर यासिर को किया ढेर

सहारनपुर मस्जिद पर UP में गरमाई सियासत, मायावती ने की बुलडोजर कार्रवाई रोकने की मांग

Teacher’s Day पर PM मोदी की शिक्षकों संग खास बातचीत, पब्लिक स्पीकिंग से लेकर बच्चों के टैलेंट तक पर हुई चर्चा

Operation Chakra 6: डिजिटल अरेस्ट का खौफनाक खेल! 3 महीने बंधक बनाकर ऐंठे 42.36 करोड़, CBI ने दबोचे 3 एजेंट