धोखाधड़ी मामला- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिाया) 
नासिक

Nashik News: सातपुर में एटीएम कार्ड बदलकर हजारों की ठगी, गिरोह ने महिला समेत दो बुजुर्गों को बनाया निशाना

Satpur ATM Fraud: नासिक के सातपुर इलाके में ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह ने महिला और बुजुर्गों को निशाना बनाया। दो घटनाओं में 67 हजार रुपये की धोखाधड़ी के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

आंचल लोखंडे

Nashik ATM Scam: नासिक शहर के सातपुर इलाके में एटीएम केंद्रों पर पैसे निकालने जाने वाले नागरिकों का ध्यान भटकाकर एटीएम कार्ड बदलने वाले शातिर गिरोह के सक्रिय होने का मामला सामने आया है। 24 जुलाई को महज कुछ घंटों के अंतराल में सातपुर इलाके में 2 अलग-अलग स्थानों पर ऐसी घटनाएं हुईं। इसमें एक महिला और 2 बुजुर्गों को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने कुल 67 हजार रुपये की चपत लगा दी। इस मामले में सातपुर पुलिस स्टेशन में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।

पहली घटना सातपुर एमआईडीसी क्षेत्र स्थित बाबासाहेब बेकरी के पास एटीएम केंद्र पर हुई। यहां के निवासी विजय शंकर गायकवाड़ (उम्र 59, शिवाजी नगर, सातपुर) 24 जुलाई की रात करीब 08:15 बजे पैसे निकालने गए थे। उसी दौरान वहां मौजूद करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति ने गायकवाड़ का ध्यान भटकाकर उनका सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम कार्ड चालाकी से बदल लिया। इसके बाद संदिग्ध ने गायकवाड़ के खाते से तीन बार में 10 हजार रुपये के हिसाब से कुल 30 हजार रुपये निकालकर ठगी की।

67 हजार रुपये उड़ाए, मामला दर्ज

इस मामले में क्राइम नंबर 650/2026 के तहत केस दर्ज किया गया है और पुलिस हवलदार खरोटे मामले की जांच कर रहे हैं। दूसरी घटना उसी दिन शाम करीब 07:30 बजे सातपुर बस स्टैंड के सामने स्थित एटीएम केंद्र में हुई। त्र्यंबक रोड स्थित स्टाफ कॉलोनी क्षेत्र निवासी अक्काबाई शरद हिरे (55) जब पैसे निकालने गईं, तो वहां मौजूद तीन अज्ञात बदमाशों ने उनका आईसीआईसीआई बैंक का एटीएम कार्ड बदल दिया। संदिग्धों ने हिरे के खाते से तीन बार में 10-10 हजार और एक बार में 7000 रुपये, ऐसे कुल 37 हजार रुपये निकालकर चंपत हो गए।

संदिग्धों की तलाश जारी

इस मामले में क्राइम नंबर 651/2026 के तहत केस दर्ज कर पुलिस हवलदार बेंडकुले आगे की जांच कर रहे हैं। एक ही दिन सातपुर इलाके में हुई इन दोनों घटनाओं से नागरिकों में चिंता का माहौल है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अहिरे के मार्गदर्शन में पुलिस टीमें इलाके के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही हैं। सातपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे एटीएम बूथ के भीतर किसी अज्ञात व्यक्ति की मदद न लें और अपना गुप्त पिन नंबर किसी से साझा न करें।

नेपाल में बाढ़ से हाहाकार, मदद के लिए सबसे पहले आगे आया भारत; 10 टन राहत सामग्री भेजी, देखें लिस्ट

चीन में अजित डोभाल का बड़ा दांव, भारत-चीन सीमा वार्ता में 8 मुद्दों पर बनी बात, LAC पर शांति के लिए बड़ा कदम

मणिपुर दहलाने की साजिश नाकाम, 13 उग्रवादी गिरफ्तार, रॉकेट-ग्रेनेड से लैंडमाइन तक बड़े हथियार बरामद

तिब्बत में बाढ़ से तबाही, सद्गुरु के कैलाश यात्रा ग्रुप के लोग फंसे; 77 इमिग्रेशन सेंटर पर, देखें VIDEO

Explainer: नेपाल में अचानक क्यों आई भारी तबाही, क्या है वो असली वजह; जिसने तबाह की सैकड़ों जिंदगियां