Nashik Ashok Kumar Kharat Political Connection: खुद को 'कैप्टन' बताने वाले और अंकशास्त्र के नाम पर महिलाओं का शोषण करने वाले स्वयंभू ज्योतिषी अशोक कुमार एकनाथ खरात (अशोक राऊत) के काले कारनामों ने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर कर रख दिया है।
एक 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार खरात के पास से नाशिक क्राइम ब्रांच ने अब तक लगभग 200 करोड़ रुपये की अकूत संपत्ति का खुलासा किया है और साथ ही 58 आपत्तिजनक वीडियो बरामद किए हैं। अदालत ने आरोपी को 24 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
जांच में सामने आया है कि भविष्यवाणी और पूजा-पाठ के नाम पर धोखाधड़ी कर खरात ने बीते कुछ वर्षों में करोड़ों का साम्राज्य खड़ा किया। उसकी संपत्तियों का दायरा और मूल्य चौंकाने वाला है
खरात ने खुद को 'कैप्टन' बताकर सैन्य अनुशासन का मुखौटा ओढ़ा था, जिसके जाल में बड़े राजनेता, प्रशासनिक अधिकारी और फिल्मी कलाकार फंसते चले गए, सिन्नर के मिरगाव स्थित उसके फार्म हाउस और ईशान्येश्वर मंदिर पर अक्सर प्रभावशाली हस्तियों का आना-जाना लगा रहता था। पुलिस अब मंदिर ट्रस्ट के टर्नओवर और खरात के परिवार के नाम दर्ज अन्य संपत्तियों की गहराई से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:-नासिक ZP CEO ओंकार पवार के खिलाफ DOPT में शिकायत: लापरवाही और झूठी रिपोर्ट के आधार पर केस बंद करने का आरोप
अशोक राऊत (खरात) के इस 'वासनाकांड' की आंच अब राज्य महिला आयोग तक पहुंच गई है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए रूपाली चाकणकर के इस्तीफे की मांग की है। भाकपा के राज्य सह सचिव राजू देसले ने सवाल उठाया कि जब महिला आयोग की अध्यक्ष स्वयं आरोपी के ट्रस्ट से जुड़ी रही हैं, तो जांच निष्पक्ष कैसे होगी? देसले ने कहा कि पारदर्शिता के लिए चाकणकर को पद छोड़ना चाहिए।
यदि इस्तीफा नहीं दिया गया, तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पूरे राज्य में तीव्र आंदोलन करेगी। इस मांग को मनोहर पाटिल, तल्हा शेख और भीमा पाटिल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी समर्थन दिया है। पुलिस ने खरात के डिजिटल उपकरणों से जो वीडियो बरामद किए हैं, उनमें कई प्रभावशाली महिलाओं और सफेदपोश चेहरों के होने की चर्चा है। यदि इन वीडियो के आधार पर जांच आगे बढ़ी, तो राज्य के कई रसूखदार घरानों की प्रतिष्ठा दांव पर लग सकती है।