Maharashtra Onion Market Rate: महाराष्ट्र के नाशिक जिले लासलगांव खरीफ प्याज की बाजार में आवक शुरू होते ही महाराष्ट्र की मंडियों में प्याज के औसतन दाम में भारी गिरावट दर्ज की गई है। महज 6 दिनों के भीतर प्याज के औसत बाजार मूल्य में 551 प्रति क्विंटल (लगभग 14 प्रतिशत) की कमी आई है। बीते 1 अक्टूबर को जो प्याज 4451 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा था, 6 अक्टूबर को उसका औसत भाव गिरकर 3900 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गया। आने वाले दिनों में आवक और बढ़ने की संभावना को देखते हुए दामों में और गिरावट की आशंका जताई जा रही है।
केंद्र सरकार के अनुसार देश में प्याज की पर्याप्त उपलब्धता है। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और राजस्थान से भी खरीफ प्याज की आपूर्ति शुरू हो चुकी है, जिसके अगले कुछ हफ्तों में और बढ़ने का अनुमान है।
इस वर्ष खरीफ प्याज का बुवाई क्षेत्रफल भी बीते साल की तुलना में करीब 5 प्रतिशत अधिक रहने की उम्मीद है। इसके अलावा, उपभोक्ता केंद्रों तक बफर स्टॉक से 2 लाख क्विंटल से अधिक प्याज पहुंचाकर खुदरा कीमतों को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
बाजार में प्याज की उपलब्धता बढ़ने से उपभोक्ताओं को भले ही राहत मिल रही हो, लेकिन उत्पादन खर्च, मजदूरी, परिवहन और भंडारण लागत स्थिर रहने के बीच गिरते दामों से किसान चिंतित हैं।
कोपरगांव तहसील के सांगवी भुसार निवासी प्याज उत्पादक किसान अशोक जाधव ने बताया, 3 एकड़ में प्याज बोया था। मानसून पूर्व बारिश से पहले ही भारी नुकसान हुआ। मई-जून में करीब 1000 प्रति क्विंटल पर बेचना पड़ा।
घर खर्च के लिए बचाकर रखा प्याज पिछले हफ्ते लासलगांव मंडी में 4200 प्रति क्विंटल बिका था, लेकिन अब वही प्याज घटकर 3400 प्रति क्विंटल रह गया है, जिससे भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।