Nanded Saksham Tate Case Anchal Mamidwar: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से देश को झकझोर देने वाले सक्षम ताटे हत्याकांड और उसकी प्रेमिका आंचल मामीदवार के अनोखे विवाह की कहानी में अब एक बेहद चौंकाने वाला और नया मोड़ सामने आया है। कुछ महीनों पहले अपने प्रेमी सक्षम की ऑनर किलिंग के बाद उसके शव से शादी रचाकर सुर्खियां बटोरने वाली आंचल ने अब अचानक ससुराल छोड़ दिया है।
आंचल ने एक प्रमुख समाचार चैनल पर लाइव आकर बेहद सनसनीखेज खुलासा करते हुए दावा किया है कि अब उसकी जान को गंभीर खतरा है। उसने आरोप लगाया है कि मृतक सक्षम के दो-तीन करीबी दोस्त उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिसके बाद पूरे इलाके में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सनसनी फैल गई है।
इस पूरे मामले की पृष्ठभूमि बेहद भावुक और दर्दनाक रही है। आंचल मामीदवार के पिता और भाई ने मिलकर उसके प्रेमी सक्षम ताटे की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस ऑनर किलिंग का आंचल को जरा भी अंदाजा नहीं था, लेकिन सच सामने आते ही वह सक्षम के घर पहुंची और उसकी रोती हुई मां को गले लगाकर प्रतिज्ञा की कि वह जीवन भर उनके घर में एक बेटे की तरह रहकर उनकी सेवा करेगी। इसके बाद आंचल ने मृत सक्षम ताटे के शव को हल्दी लगाई और उसके साथ विवाह कर लिया। वह देश की ऐसी पहली प्रेमिका बनी जिसने मृत प्रेमी से शादी कर जीवन भर विधवा रहने की कसम खाई थी और अपने ही परिवार को जेल भिजवाया था।
ये भी पढ़ें- ‘बंगाल में एकनाथ शिंदे नहीं थे वरना छीन लेते टीएमसी का सिंबल’; तृणमूल में बड़ी टूट पर संजय राउत का तंज
सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन अचानक साढ़े तीन महीने पहले आंचल रहस्यमयी ढंग से सक्षम का घर छोड़कर अपने मायके लौट आई। आंचल के इस कदम से हर कोई हैरान रह गया, क्योंकि उसने ससुराल में ही रहने की कसम खाई थी। मायके लौटने के बाद आंचल ने पुलिस की अनुमति से सक्षम के छोटे भाई पर बेहद गंभीर और संगीन आरोप लगाए। उसने कहा कि सक्षम का छोटा भाई उसके साथ लगातार दुर्व्यवहार करता था और उसे गलत तरीके से छूने का प्रयास करता था। इन्हीं हरकतों से तंग आकर उसने वह घर छोड़ने का फैसला किया और अब वह जेल में बंद अपने माता-पिता के सूने घर में अपने छोटे भाई के साथ रह रही है।
आंचल मामीदवार द्वारा लगाए गए इन छेड़छाड़ के आरोपों पर पलटवार करते हुए मृतक सक्षम की मां ने मीडिया से कहा कि आंचल के सभी आरोप पूरी तरह निराधार और झूठे हैं। उन्होंने कहा कि आंचल के मन में अचानक क्या आया और उसने ऐसा क्यों किया, यह उनकी समझ से परे है। इसी बीच आंचल ने पुलिस प्रशासन को सूचित किया है कि सक्षम के दोस्त उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच रहे हैं और उसे धमकियां मिल रही हैं। आंचल ने साफ किया है कि वह अब अपने माता-पिता के घर पर ही रहेगी और उनकी देखभाल करेगी, लेकिन फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से उसकी स्थिति काफी संवेदनशील बनी हुई है।