नाना पाटेकर सोर्स: सोशल मीडिया
महाराष्ट्र

नाना पाटेकर के निधन पर नितिन गडकरी जताया गहरा शोक, जानिए महाराष्ट्र के किस नेता ने क्या कहा

Nana Patekar Tribute: अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित महाराष्ट्र के बड़े नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया। साथ ही उनके सिनेमाई योगदान और सामाजिक कार्यों को याद किया।

आकाश मसने

Maharashtra Leaders Paid Tribute To Nana Patekar: हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर से देश और मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित महाराष्ट्र के कई प्रमुख राजनीतिक नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है और उनके साथ बिताए पलों को साझा करते हुए श्रद्धांजलि दी।

नितिन गडकरी ने नाना पाटेकर को किया याद

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नाना पाटेकर को याद करते हुए उनके साथ अपने रिश्तों की बात की। गडकरी ने कहा कि सामाजिक चेतना, सामाजिक जिम्मेदारी और समाज के प्रति संवेदनशीलता उनके व्यक्तित्व की खास खूबियां थीं।

नितिन गडकरी और नाना पाटेकर करीबी दोस्त थे

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा के वे मेरे बहुत करीबी दोस्त थे और हमारे परिवारों के बीच कई सालों से अच्छे संबंध रहे हैं। उन्होंने किसानों, जल संरक्षण और किसान आत्महत्या से प्रभावित लोगों के लिए बहुत संवेदनशीलता के साथ काम किया। सामाजिक चेतना, सामाजिक जिम्मेदारी और समाज के प्रति संवेदनशीलता उनके व्यक्तित्व की खास खूबियां थीं।

नितिन गडकरी ने कहा कि हिंदी और मराठी सिनेमा में नाना पाटेकर के काम को हम कई सालों तक याद रखेंगे। वे एक सीधे-सादे और स्पष्ट बोलने वाले इंसान थे, जो हमेशा लोगों की मदद करते थे और समाज के पिछड़े और हाशिए पर रहने वाले वर्गों, किसानों और गरीबों के प्रति संवेदनशील थे।

कारगिल युद्ध के दौरान नाना के योगदान को किया याद

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि नाना पाटेकर का निधन हमारे सामाजिक और राष्ट्रीय जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। कारगिल युद्ध के दौरान, नाना वर्दी पहनकर वहां भी पहुंचे थे। कई मौकों पर उन्होंने हमारे सैनिकों की बहादुरी के प्रति सम्मान और अपनी देशभक्ति का परिचय दिया।

नाना पाटेकर का निधन मराठी लोगों के लिए बड़ी क्षति: मंत्री बावनकुले

महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि नाना पाटेकर का निधन हमारे देश, महाराष्ट्र और दुनिया भर में रहने वाले मराठी लोगों के लिए एक बड़ी क्षति है। पिछले 15-18 वर्षों से मेरा उनसे करीबी जुड़ाव रहा है।

चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि नाना पाटेकर ने हमेशा किसानों के लिए बहुत काम करने की कोशिश की। उन्होंने उन इलाकों में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने का काम किया जहां बिजली नहीं थी। देवेंद्र फडणवीस की सरकार के दौरान, उन्होंने 'जलयुक्त शिवार' पहल के तहत किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का भी काम किया।

सांसद अनिल बोंडे ने नाम फाउंडेशन की मदद को किया याद

भाजपा के राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे ने कहा कि मशहूर मराठी और हिंदी अभिनेता नाना पाटेकर का निधन हो गया है। उनका जाना दिल तोड़ने वाला है। नाना पाटेकर सिर्फ एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक समाजसेवी भी थे।

सांसद अनिल बोंडे ने कहा कि मुझे याद है कि जब विदर्भ और मराठवाड़ा में किसान आत्महत्या कर रहे थे, तब उन्होंने 'नाम फाउंडेशन' के जरिए उनके परिवारों की मदद के लिए बहुत काम किया। जिन किसानों ने आत्महत्या की, उनके बच्चों को, खासकर उन्हें जिनका कोई सहारा नहीं था नाना में एक 'नाना' और एक भाई मिला।

गिरीश महाजन ने किसानों के प्रति नाना की चिंता को किया याद

महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि नाना पाटेकर एक बेहतरीन अभिनेता थे, जिन्होंने हिंदी और मराठी सिनेमा में अहम योगदान दिया। वे सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे, बल्कि उन्हें समाज, लोगों और खासकर गरीबों की बहुत चिंता थी। नाना पाटेकर और मकरंद अनासपुरे ने मिलकर अपने फाउंडेशन के जरिए जो काम किया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

गिरीश महाजन ने कहा कि मैं पिछले 8 सालों से सिंचाई विभाग से जुड़ा रहा हूं, जिसमें 2014 से 2019 का समय भी शामिल है, और नाना के साथ मेरे करीबी संबंध थे। किसानों, खासकर गरीब किसानों के लिए उनकी चिंता ऐसी बात थी जिसे हम कभी नहीं भूल सकते।

गिरीश महाजन ने कहा कि नाना पाटेकर ने अपने काम के माध्यम से जो छाप छोड़ी थी, वो बहुत बड़ी थी। हम सभी को बहुत दुख हुआ है। नाना पाटेकर के जाने से बहुत बड़ी क्षति महाराष्ट्र को हुई है।

रोहित पवार ने नाना पाटेकर के जल संरक्षण के कामों को सराहा

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने कहा कि महाराष्ट्र और देश को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। नाना पाटेकर ने फिल्म इंडस्ट्री में अहम योगदान दिया और कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया, जिनके जरिए उन्होंने लोगों तक सार्थक संदेश पहुंचाने की कोशिश की।

रोहित पवार ने कहा कि नाना पाटेकर ने समाज के लिए भी बहुत काम किया। उन्होंने सूखे से प्रभावित इलाकों में जल संरक्षण के लिए काफी काम किया। जब भी कोई सामाजिक काम होता था, तो वे हमेशा मदद के लिए आगे आते थे।

राेहित पवार ने बताया कि जब भी हमने नाना पाटेकर से अपने इलाके में नाम फाउंडेशन के जरिए पानी से जुड़े काम करने का अनुरोध किया, तो उन्होंने खुशी-खुशी हमारी मदद की। रोहित ने कहा कि अजित पवार के साथ भी उनके खास रिश्ते थे। हम भी उनसे कई बार मिल चुके थे। हमारे छात्र आंदोलन के दौरान, मैंने उन्हें फोन किया था और आंदोलन में शामिल होने का अनुरोध किया था।

CEC ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती, सर्च कमेटी पर नियमों की अनदेखी का आरोप

दिल्ली में सियासी लंच! बीजेपी का इंडिया गठबंधन पर जबरदस्त तंज, विपक्षी नेताओं को बताया गैर-जिम्मेदार

ISB के 25 साल पूरे, छात्रों के लिए 250 स्कॉलरशिप का ऐलान, देशभर में रिसर्च और फैकल्टी डेवलपमेंट पर जोर

CBI के 6 अधिकारियों पर होगी आपराधिक कार्रवाई, दिल्ली हाई कोर्ट के सामने दिया था झूठा बयान

INDIA ब्लॉक के नेता कल राष्ट्रपति मुर्मू से करेंगे मुलाकात, राहुल-खरगे-ममता और अखिलेश को मिली अनुमति