नागपुर संभाग के 16 प्रमुख बांधों में 58.74 प्रतिशत जल भंडार शेष होने की जानकारी।
कन्हान नदी और पेंच नहरों से अवैध रूप से पानी मोड़ने की शिकायतें सामने आईं।
जून-जुलाई 2025 के अभियान में शहर में 5,000 से अधिक अवैध नल कनेक्शन काटे गए थे।
रिपोर्ट के अनुसार, रोजाना करीब 255 एमएलडी पानी लीकेज और चोरी से बर्बाद हो रहा है।
Kanhan River Water Theft: नागपुर शहर में जहां एक ओर नागरिकों के लिए पानी की एक-एक बूंद बचाकर इस्तेमाल करने की नौबत आ गई है वहीं दूसरी ओर नदी और नहरों से खुलेआम पानी चोरी होने का गंभीर मामला सामने आया है।
नागपुर जिले के सबसे बड़े तोतलाडोह बांध में जल भंडार घटकर आधे से भी कम रह गया है। ऐसे नाजुक हालात में कुछ लोगों द्वारा कन्हान नदी और पेंच नहरों का पानी अवैध रूप से निजी खेतों और कुओं में मोड़कर टैंकरों के जरिए बेचने का धंधा शुरू कर दिया गया है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अब जल संपदा विभाग ने सख्त कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है।
नागपुर संभाग के 16 प्रमुख बांधों में इस समय कुल 4302।42 दलघमी यानी केवल 58।74 प्रतिशत जल भंडार ही शेष बचा है। पिछले साल की तुलना में इस बार पानी में 5 से 6 टीएमसी की भारी गिरावट दर्ज की गई है।
बढ़ती पानी चोरी को रोकने के लिए जलसंपदा विभाग ने अब कन्हान पेंच क्षेत्र और खापरखेड़ा कन्हान नहरों की सघन जांच शुरू करने का फैसला किया है। विभाग द्वारा नदी क्षेत्र में अवैध पाइपलाइन डालने वालों, पंप लगाने वालों और पानी के टैंकर भरने का तंत्र खड़ा करने वाले असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
कन्हान नदी और नवेगांव-खैरी बांध से कन्हान जलशुद्धिकरण केंद्र तक के 32 किलोमीटर लंबे प्रवाह क्षेत्र में किसानों द्वारा सीधे पंप लगाकर अवैध रूप से पानी खींचा जा रहा है। जलसंपदा विभाग के पास यह शिकायत पहुंची है कि सिंचाई के लिए नहरों में छोड़ा गया पानी अंतिम छोर तक पहुंच ही नहीं पा रहा है।
पानी चुराने के लिए कई जगहों पर पाइपलाइन तोड़ी गई है तो कई स्थानों पर खाइयां खोदकर पानी खेतों की ओर मोड़ा जा रहा है। इससे पहले भी पेंच की 2,300 मिलीमीटर व्यास वाली मुख्य पाइपलाइन में 3 अलग-अलग स्थानों पर जानबूझकर लीकेज कर पानी मोड़े जाने का मामला सामने आ चुका है।
नहरों और नदियों के साथ-साथ शहर के भीतर भी टैंकर माफिया पूरी तरह सक्रिय है। महानगरपालिका और ऑरेंज सिटी वाटर द्वारा जून-जुलाई 2025 में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 5,000 से अधिक अवैध नल कनेक्शन काटे गए थे।
इनमें 2.566 कनेक्शन पूरी तरह से अनधिकृत थे, 362 मामलों में मीटर से पहले ही पानी की चोरी की जा रही थी और 1,642 दोहरे कनेक्शन पाए गए थे। शहर के आसीनगर क्षेत्र में सबसे ज्यादा 1,003 अवैध कनेक्शन पकड़े गए थे।
तोतलाडोह बांध कुल 1166.93
दलघमी की क्षमता वाले जिले के इस सबसे बड़े बांध में अब केवल 407.61 दलघमी पानी बचा है जो कुल क्षमता का महज 25.33 प्रतिशत है।
कामठी खैरी बांध: 180.98 दलघमी
उपयोगी भंडारण क्षमता में से वर्तमान में 152.72 दलघमी पानी उपलब्ध है जो 80.10 प्रतिशत है।
खिंडसी बांध 103.00 दलघमी की
क्षमता के मुकाबले यहां केवल 36.54 दलघमी पानी शेष है जो 35.48 प्रतिशत के साथ चिंताजनक स्तर पर पहुंच चुका है।
नांद बांध 62.18 दलघमी क्षमता वाले इस बांध में 41.64 दलघमी यानी 61.38 प्रतिशत जल भंडार उपलब्ध है।
वडगांव बांध 151.50 दलघमी
क्षमता वाले इस बांध में 83.51 दलघमी पानी दर्ज किया गया है जो 49.60 प्रतिशत है।
नागपुर महानगरपालिका द्वारा प्रति दिन पेंच और कन्हान नदी से 730 से 750 एमएलडी कच्चा पानी उठाया जाता है। इसमें से 520 एमएलडी पानी पेंच के 4 जलशुद्धिकरण केंद्रों से और 220 एमएलडी पानी कन्हान
जलशुद्धिकरण केंद्र से आता है। एक चौकाने वाली रिपोर्ट के अनुसार उठाए जाने वाले कुल पानी में से करीब 255 एमएलडी यानी 35 से 40 प्रतिशत पानी लीकेज और चोरी के कारण सीधे बर्बाद हो रहा है।