Maharashtra Government Aircraft VVIP Helicopter: महाराष्ट्र सरकार के वीवीआईपी विमानों और हेलिकॉप्टरों की सुरक्षा, ग्राउंड हैंडलिंग और फ्लाइट ऑपरेशंस की कमान अब एक निजी एविएशन मैनेजमेंट एजेंसी के हाथों में होगी। यह कार्य राज्य स्तर पर कुछ चुनिंदा एयरपोर्ट के लिए किया जा रहा है लेकिन इसमें नागपुर में विधानमंडल के शीत सत्र पर खास जोर दिया गया है।
उड्डयन निदेशालय ने राज्य के अतिविशिष्ट व्यक्तियों मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, राज्यपाल और वीवीआईपी मंत्रियों की राज्यभर में सुरक्षित और निर्वाध हवाई यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आउटसोर्सिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले 2 वर्षों तक के लिए यह वीवीआईपी मूवमेंट व्यवस्था बरकरार रहेगी।
इस पूरे प्रोजेक्ट में नागपुर विधानमंडल का शीत सत्र महत्वपूर्ण रहेगा। उल्लेखनीय है कि विधानमंडल के नागपुर सत्र के दौरान पूरा मंत्रिमंडल और वीवीआईपी मूवमेंट राजधानी के बाहर बेस से दूर लंबे समय के लिए नागपुर एयरपोर्ट पर केंद्रित रहता है, तब उड़ानों का सटीक समय प्रबंधन, ग्राउंड सपोर्ट और सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक सेवाएं इस नई व्यवस्था के तहत प्रदान की जाएंगी।
बता दें कि नागपुर एयरपोर्ट के संचालन का जिम्मा जीएमआर ग्रुप के पास है लेकिन सरकार ने इस वीवीआईपी मूवमेंट के लिए अलग से एविएशन एजेंसी की नियुक्ति की तैयारी दर्शाई है। मिली जानकारी के अनुसार नागपुर में विधानमंडल के शीत सत्र के दौरान राज्य सरकार के 'सेसना साइटेशन' विमान और एयरबस हेलिकॉप्टर के पूरे ऑपरेशन का नियंत्रण नागपुर एयरपोर्ट पर स्थापित किया जाएगा।
शीत सत्र के दौरान डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय नागपुर एयरपोर्ट पर वीवीआईपी यात्रियों के लिए व्हीकल ट्रांसपोर्टेशन, लाउंज सुविधा, बोर्डिंग पास जारी करने और पैसेंजर मेनिफेस्ट तैयार करने की पूरी जिम्मेदारी भी इस निजी एजेंसी द्वारा ही पूरी की जाएगी, देर रात या सुबह तड़के उड़ानों के संचालन के लिए नागपुर एयरपोर्ट और राज्य के अन्य हेलिपैड्स पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से 'वॉच आवर्स एक्सटेंशन' और टेकऑफ, लैंडिंग स्लॉट की मंजूरी लेना अनिवार्य होगा।
सरकार द्वारा तय किए गए नियमों के अंतर्गत एजेंसी को प्रत्येक उड़ान से पहले डायरेक्टरेट ऑफ सिविल एविएशन के मानकों के तहत फ्लाइट प्लान दाखिल कर, मौसम और लागू की जानकारी हासिल कर, राज्य अथवा राज्य के बाहर उड़ानों के लिए संबंधित एजेंसियों से ओवरफ्लाइट और लैंडिग परमिट प्राप्त कर, डीजीसीए द्वारा अनिवार्य किए गए विभिन्न टेस्ट और ट्रेनिंग के लिए की व्यवस्था की जाएगी।
निदेशालय के दैनिक फ्लाइट ऑपरेशंस को संभालने के लिए अनुभवी और योग्य ऑपरेशंस ऑफिसर्स की उपलब्धता इस वीवीआईपी मूवमेंट के लिए सुनिश्चित की जाएगी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय और नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो के साथ समन्वय स्थापित कर ऑपरेशंस मैनुअल को अपडेट व अप्रूव किया जाएगा, वीवीआईपी उड़ान सेवाएं किसी भी दिन बाधित न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएगी।
यह निजी एविएशन एजेंसी भले ही नागपुर सत्र जैसे अवसरों पर विशेष रूप से तैनात रहेगी लेकिन इसका मुख्य प्रशासनिक व तकनीकी नेटवर्क मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे स्थित बेस से संचालित होगा। डीजीसीए और बीसीएएस के सख्त मानकों का पालन करते हुए यह आउटसोर्सिंग व्यवस्था महाराष्ट्र के वीवीआईपी मूवमेंट को 24 घंटे उड़ान के लिए मुस्तैद रखेगी, संभवतः इसी महीने इस शुरू हो जाएगा।