प्रतीकात्मक तस्वीर 
नागपुर

चोर समझकर पब्लिक ने पीटा, थाने पहुंचते ही दम तोड़ दिया

नवभारत डेस्क

नागपुर. दोपहिया वाहन से छेड़छाड़ करते हुए नागरिकों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया. उसे चोर समझकर जमकर धुनाई की और पुलिस स्टेशन ले जाया गया. इससे पहले कि पुलिस मामला समझ पाती जख्मी व्यक्ति जमीन पर गिर गया. उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना से कामठी परिसर में हड़कंप मच गया है. मृतक वारिसपुरा, कामठी निवासी मोहम्मद नासिर उर्फ गब्बर रमजान अंसारी (35) बताया गया.

शनिवार की शाम 5.30 बजे के दौरान नासिर फुटाना ओली चौक के समीप खड़े दोपहिया वाहन से छेड़खानी कर रहा था. लोगों को लगा कि वह वाहन चोरी करने आया है. नागरिकों ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया. जिसे मौका मिला उसने हाथ साफ किया. उसे बुरी तरह पीटते देख कुछ नागरिकों ने बीचबचाव किया. पुलिस के हवाले करना का आश्वासन देने पर पिटाई करने वाले शांत हुए. नासिर को ओल्ड कामठी पुलिस स्टेशन ले जाया गया.

पुलिस ने पूछताछ शुरू ही की थी कि नासिर बेहोश होकर जमीन पर गिर गया. उसे उपचार के लिए कामठी के उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. नासिर वाकई में वाहन चोरी करने आया था या लोगों ने गलतफहमी में उसे चोर समझ कर मार दिया इसकी जांच की जा रही है. फिलहाल नासिर के खिलाफ कोई वाहन चोरी का मामला दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है.

पुलिस सच्चाई का पता लगाने के लिए परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. उसकी पिटाई करने वालों का भी पता लगाया जा रहा है. चाहे जो भी हो इस तरह नागरिकों का कानून हाथ में लेना उचित नहीं है. चर्चा यह भी है कि नासिर 2 दिनों से भूखा था. उसकी पत्नी गृहिणी है और 3 बच्चे भी हैं. इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है. 

जापानी निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा महाराष्ट्र, मुंबई में JCCI प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक

एथेनॉल से चलेंगी गाड़ियां, लेकिन इतनी सप्लाई आएगी कहां से? सुप्रीम कोर्ट का सरकार से सवाल

जामिया में छात्रों की बड़ी जीत, यूनिवर्सिटी ने जारी किया छात्र संघ चुनाव का शेड्यूल

प्रदर्शन से अर्थव्यवस्था को कितना होता है नुकसान ? कारोबार,रोजगार और जनता की जेब पर पड़ने वाले प्रभाव को समझे

40 साल की दोस्ती और हर बड़े काम में अहम भूमिका, कौन हैं मुकेश अंबानी के खास दोस्त MM?