सोनेगांव तालाब सोर्स- सोशल मीडिया
नागपुर

नागपुर के सोनेगांव तालाब में 18 करोड़ का सौंदर्याकरण, पर्यावरण पर खतरे के सवाल; 1.6 KM का ट्रैक विवादों में

Sonegaon Lake Nagpur: नागपुर के ऐतिहासिक सोनेगांव तालाब में 18 करोड़ की योजना के तहत लोहे का वॉकिंग ट्रैक बनाया गया है। विशेषज्ञों ने जलीय जीवन पर जहर और कोर्ट के आदेशों की अनदेखी जताई।

प्रमोद यादव

Highlights

  • सोनेगांव तालाब में मनपा की ओर से लोहे का वॉकिंग ट्रैक बनाया जा रहा है।

  • करीब 18 करोड़ रुपये की सौंदर्याकरण योजना में 1.6 किलोमीटर लंबा ट्रैक शामिल है।

  • तालाब परिसर में 16.42 हेक्टेयर क्षेत्र में नक्षत्र वाटिका, परगोला सहित अन्य विकास कार्य प्रस्तावित हैं।

NMC Sonegaon Lake Iron Walking Track: नागपुर शहर की ऐतिहासिक और प्रमुख पहचान मानी जाने वाले सोनेगांव तालाब के अस्तित्व पर सौंदर्याकरण और कायाकल्प के नाम पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है।

नागपुर मनपा द्वारा तालाब के भीतर लोहे का वॉकिंग ट्रैक (पुल) स्थापित किया गया है जिससे इस प्राकृतिक जल निकाय को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। तालाब के तल में सीधे लोहे के खंभे गाड़कर बनाए गए इस नए पुल से निकट भविष्य में यहां के जलीय जीवन और पर्यावरण पर गहरा प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

एक ओर जहां बारिश की कमी के कारण जल संचय पर विपरीत परिणाम हो रहा है वहीं जल स्तर के लिए उपयोगी माने जाने वाले तालाबों में इस तरह से निर्माण कार्यों से भी जल संकट पर दोहरी मार पड़ती दिखाई दे रही है।

जलीय जीवन पर मंडराया जहर का खतरा

विशेषज्ञों की मानें तो तालाब के पानी में बिना सील किया हुआ लोहा लगातार जंग छोड़ेगा जिससे पानी में आयरन का स्तर बहुत अधिक बढ़ सकता है। पानी में लोहे की अत्यधिक मात्रा संवेदनशील मछलियों और जलीय वनस्पतियों के लिए अत्यंत विषाक्त साबित होती है।

इसके अलावा लोहे को जंग से बचाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पेंट और रासायनिक उपचार भी रिसकर पानी में मिल सकते हैं जो जलीय जीवों के लिए जानलेवा साबित होंगे।

सोनेगांव तालाब पहले से ही पास के रिहायशी इलाकों से आने वाले सीवेज और अतिक्रमण की समस्या झेल रहा है और अब तालाब के भीतर इस निर्माण से पानी की गुणवत्ता और जलीय पारिस्थितिकी पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।

हाई कोर्ट के निर्देशों की भी अनदेखी

हाई कोर्ट ने शहर के सभी जल निकायों, नालों और तालाबों पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लगातार निर्देश दिए हैं। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक जलस्रोतों पर अनधिकृत निर्माण और कंक्रीट स्लैब को किसी भी स्थिति में नियमित नहीं किया जा सकता।

इस आदेश के बावजूद हेरिटेज स्थल का दर्जा प्राप्त सोनेगांव तालाब में मनपा द्वारा यह निर्माण कार्य अदालत के निर्देशों की घोर उपेक्षा को दर्शाता है।

हालांकि मनपा का दावा है कि उसने हेरिटेज कमेटी से अनुमति प्राप्त कर ली है लेकिन तालाब के संवेदनशील तल में लोहे के खंभे गाड़ना जल निकाय के भविष्य के लिए सीधा खतरा बना हुआ है।

18 करोड़ की योजना और 1.6 किमी लंबा लोहे का ट्रैक

सूत्रों की माने तो तालाब के चारों ओर 1.6 किलोमीटर की परिधि को कवर करता यह लोहे का पुल 18 करोड़ रुपये की सौंदर्याकरण और कायाकल्प योजना का हिस्सा है।

तालाब परिसर में पहले से ही एक वॉकिंग ट्रैक मौजूद है जिसका उपयोग स्थानीय नागरिक सुबह और शाम की सैर के लिए नियमित रूप से करते हैं। पुराने ट्रैक का कुछ हिस्सा आपस में जुड़ा हुआ नहीं था और केवल इस छोटे से टूटे हुए हिस्से को जोड़ने के बजाय पूरे तालाब के भीतर यह नया लोहे का पुल खड़ा कर दिया गया है।

16.42 हेक्टेयर में नक्षत्र वाटिका

नागपुर मनपा ने 16.42 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस ताला परिसर का सौंदर्याकरण के लिए वॉकिंग ट्रैक के साथ-साथ नक्षत्र वाटिका, परगोला और अन्य विकास कार्यों की योजना तैयार की है।

जानकारों का कहना है कि शहर के बगीचों और जल निकायों का कायाकल्प स्वागत योग्य कदम है लेकिन प्रशासन को तालाब के संवेदनशील तल में कोई भी ढांचा खड़ा करने से पहले जल निकाय और पर्यावरण को होने वाले खतरों का आकलन अनिवार्य रूप से करना चाहिए।

फुटाला तालाब की गलती दोहराने का आरोप

पर्यावरण प्रेमियों का मानना है कि शहर की फुटाला तालाब में लगाया गया और वर्तमान में बंद पड़ा अत्याधुनिक फाउंटेन जल निकायों के अंधाधुंध दोहन का जीता-जागता उदाहरण है और प्रशासन वही गलती अब सोनेगांव तालाब में दोहरा रहा है।

15 लाख का इनामी आतंकी लतीफ भट और 2 विदेशी दहशतगर्द! कुलगाम से किश्तवाड़ तक हाई अलर्ट, OGWs से पूछताछ जारी

रेलवे में 10वीं पास के लिए निकली बंपर भर्ती, न परीक्षा होगी न इंटरव्यू, जानें कैसे करें आवेदन

Explainer: दिल्ली में AQI का मीटर 500 पर क्यों रुक जाता है? प्रदूषण तो 1000 के पार, 5 बड़े कारण जानें

किश्तवाड़ से लापता दोनों SPO के शव बरामद, शरीर पर मिले गोलियों के निशान; सरकारी हथियार भी गायब, फूटा गुस्सा

IMD Alert: कश्मीर घाटी में भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट, दिल्ली में छाया कोहरा, अंडमान में भारी बारिश