भूते-हर्ष की घातक गेंदबाजी और मोखड़े की शतकवीर पारी 
नागपुर

रणजी ट्रॉफी : नगालैंड पर पारी और 179 रनों से धमाकेदार जीत, विदर्भ ने 3 दिन में नगालैंड को निपटाया

Vidarbha Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी की मौजूदा चैम्पियन विदर्भ ने शुरुआत शानदार अंदाज में की। नगालैंड के खिलाफ बीसीसीआई सीओई ग्राउंड नंबर 2 पर खेले गए मुकाबले में विदर्भ ने एकतरफा जीत दर्ज की।

आंचल लोखंडे

Nagpur News: रणजी ट्रॉफी की मौजूदा चैम्पियन विदर्भ ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की। नगालैंड के खिलाफ बीसीसीआई सीओई ग्राउंड नंबर 2 पर खेले गए मुकाबले में विदर्भ ने पारी और 179 रनों से एकतरफा जीत दर्ज करते हुए 7 अंक (6 पूर्ण + एक बोनस) अपने नाम किए। तीसरे दिन ही मुकाबला समाप्त कर टीम ने अपने खिताब के बचाव की मजबूत नींव रख दी। शुक्रवार को नगालैंड ने अपनी पहली पारी 81/3 से आगे बढ़ाई।

चौथे विकेट के लिए चेतन बिष्ट और निश्छल ने 77 रनों की साझेदारी कर कुछ उम्मीदें जगाईं लेकिन नचिकेत भूते ने निश्छल (50) को आउट कर विदर्भ को सफलता दिलाई। इस झटके के बाद नगालैंड की पारी बिखर गई और पूरी टीम 171 रनों पर सिमट गई। भूते ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट 34 रन देकर झटके, जबकि हर्ष दुबे ने 2 विकेट हासिल किए।

फॉलोऑन दिया फिर हर्ष ने तहस-नहस कर दिया

कप्तान अक्षय वाडकर ने इसके बाद नगालैंड को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर किया। दूसरी पारी में भी कहानी नहीं बदली। चेतन बिष्ट ने एक बार फिर संघर्ष करते हुए 55 रनों की पारी खेली, मगर बाकी बल्लेबाज विदर्भ के पांच-स्तंभी आक्रमण के सामने टिक नहीं पाए और पूरी टीम सिर्फ 113 रन पर ढेर हो गई। इस बार हर्ष दुबे ने कमान संभाली और 4 विकेट 51 रन देकर नगालैंड की पारी को तहस-नहस कर दिया। दर्शन नालकांडे ने 2 विकेट मात्र 8 रन देकर झटके, जबकि पार्थ रेखाडे ने भी 2 विकेट लिए।

अमन बने प्लेयर ऑफ द मैच

विदर्भ की पहली पारी में अमन मोखाड़े ने शानदार 183 रनों की पारी खेली थी जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। ध्रुव शौरी (64), यश राठौड़ (71) और कप्तान वाडकर (44) ने भी टीम के विशाल स्कोर 463 में अहम योगदान दिया था। इस जीत के साथ विदर्भ ने रणजी सीजन की शुरुआत उसी दबदबे से की जिससे उन्होंने पिछले साल खिताब जीता था। टीम का अगला मुकाबला 25 से 28 अक्टूबर तक नागपुर में झारखंड से होगा जहां घरेलू परिस्थितियों में भी विदर्भ जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से उतरेगा।

संक्षिप्त स्कोर कार्ड

  • स्थान : बीसीसीआई सीओई ग्राउंड नंबर 2, बेंगलुरु (15–18 अक्टूबर 2025)
  • टॉस : नगालैंड, पहले गेंदबाजी चुनी
  • विदर्भ, पहली पारी : 463 (अमन मोखाड़े 183, ध्रुव शौरी 64, यश राठौड़ 71; जोनाथन 4/98)
  • नगालैंड, पहली पारी : 171 (निश्छल 50, चेतन बिष्ट 52; नचिकेत भूटे 5/34)
  • नगालैंड, दूसरी पारी (फॉलोऑन) : 113 (चेतन बिष्ट 55; हर्ष दुबे 4/51, दर्शन नालकांडे 2/8, पार्थ रेखाडे 2/34)
  • परिणाम : विदर्भ ने पारी और 179 रनों से जीत दर्ज की।
  • अंक : विदर्भ 7 (6+1 बोनस), नगालैंड

कांग्रेस की एकला चलो नीति पर भड़के उद्धव ठाकरे! INDIA गठबंधन की बैठक में सुनाई खरी-खोटी, दी ये सलाह

CSR घाेटाला: महाराष्ट्र समेत 4 राज्यों के 8 ठिकानों पर ED की छापेमारी, फर्जी नेटवर्क का खुलासा

किसानों को मोदी कैबिनेट का बड़ा तोहफा, MSP में बढ़ोतरी की मंजूरी; ₹2.79 लाख करोड़ के पैकेज का ऐलान

पंजाब में चिट्टे पर गरमाई सियासत! शाह का मान पर वार, बोले- पंजाब को नशा मुक्त करके रहेंगे

उमर खालिद और शरजील इमाम को फिर झटका, दिल्ली हाई कोर्ट ने जमानत अर्जी की खारिज