Nagpur District Collector Memorandum: नागपुर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत प्रकाशित की गई प्रारूप मतदाता सूची में रामटेक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 25,801 दोहरे मतदाताओं की प्रविष्टियां हैं।
इस सनसनीखेल आरोप के साथ कांग्रेस ने मतदाताओं के नाम में गलतियां, तस्वीरें अपडेट नहीं होना, मैपिंग तथा इन्यूमरेशन फॉर्म (ईएफ) में जानकारी में विसंगतियों की गहन जांच और पारदर्शिता के लिए बुधवार को नागपुर कलेक्टर कुमार आशीर्वाद से जांच की मांग की।
रामटेक में कांग्रेस के सांसद श्यामकुमार बर्वे के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय में कलेक्टर कुमार आशीर्वाद ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सुनील केदार, शहराध्यक्ष प्रफुल्ल गुडधे, जिलाध्यक्ष अश्विन बैस, अवंतिका लेकुरवाले, कुंदा राऊत, प्रकाश वसू, याज्ञवल्क्य जिचकार सहित पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद श्यामकुमार बर्वे ने बताया कि रामटेक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में दोहरी प्रविष्टियां पाई गई हैं। इनमें कामठी 11,900, हिंगना 7,085, सावनेर 1,994, काटोल 1,780, रामटेक 1,322 और उमरेड 1,720 यानी कुल 25,801 प्रविष्टियां शामिल हैं।
कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत की गई मैपिंग और सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। एक ही मतदाता की प्रविष्टि 2 स्थानों पर कैसे हुई, इसकी गहन जांच करने की मांग की गई। विशेष गहन पुनरीक्षण
मतदाताओं से विस्तृत जानकारी एकत्रित करने के बाद भी प्रारूप सूची में नामों में बड़ी संख्या में गलतियां रह जाने की शिकायतें होने की बात कांग्रेस ने कही है। नए फोटो देने के बाद भी कुछ मतदाताओं के फोटो अपडेट नहीं होने का दावा भी किया गया।
सांसद श्यामकुमार बर्वे के ज्ञापन में मांग की गई कि दोहरी मतदाता प्रविष्टियों की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र और मतदान केंद्र-वार जांच की जाए, 2 स्थानों पर मैपिंग की गई प्रविष्टियों की स्वतंत्र जांच की जाए, इन्यूमरेशन फॉर्म में दी गई जानकारी और प्रारूप मतदाता सूची के विवरण का सत्यापन किया जाए।
साथ ही एक ही मतदाता का नाम 2 स्थानों पर पाए जाने पर उसके पीछे का कारण स्पष्ट किया जाए, पाई गई त्रुटियों की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाए और अंतिम सूची से पहले आवश्यक सुधार किए जाएं।