रामदास आठवले ने राहुल गांधी से लोकतांत्रिक तरीके से सरकार का विरोध करने की अपील की।
उन्होंने दावा किया कि 2029 तक नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार कायम रहेगी।
मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री पर दिए गए बयान की आलोचना की।
आठवले ने चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया का समर्थन किया।
Ramdas Athawale On Rahul Gandhi: केन्द्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि आंदोलन करने से सरकार नहीं बदलती, बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से जनता का जनादेश हासिल कर सत्ता में आना पड़ता है। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि आंदोलनों से आम नागरिकों को परेशानी होती है।
इसलिए सत्ता परिवर्तन के लिए लोकतांत्रिक रास्ते का ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि 2029 तक देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार कायम रहेगी और 4 राज्यों के आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को सफलता मिलेगी।
वे नागपुर में आयोजित प्रेस परिषद में बोल रहे थे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में दिए गए 'मोदी के बाप को भी जाना पड़ेगा' बयान की उन्होंने निंदा की।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता लगातार चुनावों में हार रहे हैं, इसलिए उनकी ओर से अपमानजनक और विवादित बयान दिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री के बारे में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। इतने बड़े नेता को बोलते समय संयम बरतना चाहिए।
केन्द्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने राहुल गांधी से संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से सरकार का विरोध करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मन का गुस्सा जाहिर करने से सत्ता परिवर्तन नहीं होगा। इसके विपरीत, ऐसी भूमिका के कारण मतदाता भी विपक्ष के खिलाफ जा सकते हैं।
2029 में चुनाव के माध्यम से जनता का जनादेश हासिल कर सत्ता में आने का अवसर है लेकिन इसके लिए देश को बंधक बनाने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए, गृह मंत्री अमित शाह द्वारा भी दिवंगत इंदिरा गांधी का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी के संबंध में 'तुम्हारी नानी को भी आना पड़ेगा कहे जाने की वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। इस संबंध में आठवले ने कहा, मुझे इसकी जानकारी नहीं है।
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के रिपाई में प्रवेश के सबंध में आठवले ने कहा कि दिपके आंबेडकरवादी है। पाटी के विस्तार के लिए युवाओं, विशेष रूप से जनरेशन जेड के युवाओं की जरूरत सभी राजनीतिक दलों को है। दिपके को रिपक्ष में शामिल होने का न्योता दिया गया है। यदि वे पार्टी में आते हैं तो उनका स्वागत किया जाएगा।
आठवाले ने चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया का समर्थन किया, उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की कोई आवश्यकता नहीं है। मतदाता सूची को शुद्ध करने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया चलाई जा रही है।
मतदाता सूची से हटाए गए 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के संबंध में उन्होंने कहा कि कई मतदाता विदेशों में चले गए हैं। कुछ की मृत्यु हो चुकी है। जबकि कुछ लोगों ने स्थानांतरण के बाद अपना निर्वाचन क्षेत्र नहीं बदला या पुरानी सूची से उनका नाम नहीं हटाया गया।