नागपुर में कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे को फोन कर ठग ने खुद को राहुल गांधी का निजी सहायक बताया।
रेडिसन ब्लू होटल में दो प्रीमियम सूट बुक कराने की मांग की।
नंदनवन पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
Nagpur Fake Rahul Gandhi PA Scam: नागपुर में राहुल गांधी का निजी सहायक अलंकार सवाई बनकर कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे से ठगी करने का प्रयास किया गया। फोन करने वाले ने रेडिसन ब्लू होटल में दो प्रीमियम सूट बुक कराने को कहा। आवाज पर संदेह होने पर लोंढे ने असली अलंकार सवाई से संपर्क किया और ठगी का प्रयास नाकाम हो गया। नंदनवन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
नागपुर शहर में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का निजी सहायक बनकर एक व्यक्ति ने कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे से ठगी करने का प्रयास किया। आरोपी ने खुद को अलंकार सवाई बताते हुए नागपुर आने की बात कही और रेडिसन ब्लू होटल में दो प्रीमियम सूट बुक कराने को कहा। हालांकि, फोन करने वाले की आवाज संदिग्ध लगने पर लोंढे ने असली अलंकार सवाई से संपर्क कर लिया। इससे ठगी का प्रयास नाकाम हो गया। शिकायत के आधार पर नंदनवन पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, 8 नवंबर की रात करीब 9 बजे अतुल लोंढे व्यंकटेशनगर स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को राहुल गांधी का निजी सहायक अलंकार सवाई बताया।
उसने कहा कि वह नागपुर आ रहा है और रेडिसन ब्लू होटल में उसके लिए दो प्रीमियम सूट बुक करा दिए जाएं। बातचीत के दौरान लोंढे को फोन करने वाले की आवाज पर संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत अलंकार सवाई के वास्तविक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। सवाई ने ऐसा कोई फोन करने से इनकार कर दिया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस आईटी सेल और पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबर की पड़ताल की। जांच में सामने आया कि उस नंबर के वॉट्सऐप प्रोफाइल पर राहुल गांधी और अलंकार सवाई की तस्वीरें लगी थीं। प्रोफाइल पर 'पीए राहुल गांधी' भी लिखा हुआ था।
इसके अलावा रेडिसन ब्लू होटल में पूछताछ की गई, लेकिन अलंकार सवाई के नाम से किसी व्यक्ति के ठहरने की पुष्टि नहीं हुई। इससे फोन करने वाले की पहचान को लेकर संदेह और गहरा गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने अन्य कांग्रेस नेताओं को भी फोन किए थे। आशंका जताई जा रही है कि वह इसी तरीके से दूसरे लोगों को भी निशाना बनाने की कोशिश कर चुका है। अतुल लोंढे के वकील की ओर से नंदनवन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस अब संदिग्ध मोबाइल नंबर और कॉल से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।