Highlights
एनटीपीसी मौदा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 12 बेरोजगार युवाओं से 10.75 लाख रुपए की ठगी।
आरोपियों ने युवाओं को फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर अपने जाल में फंसाया।
मुख्य आरोपी बलवंत विलास साठवणे समेत तीन आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच लाख रुपए की नकदी जब्त की।
NTPC Mauda Job Fraud: एनटीपीसी मौदा में नौकरी दिलाने का इवंसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर तथा नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर करीब 12 लोगों से कुल 10 लाख 75 हजार रुपए की धोखाधड़ी की। इस मामले में मौदा पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच लाख रुपए की नकदी भी जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रकाश मलेवार (23), निवासी नंदापुरी, तहसील मौदा ने मौदा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मुख्य आरोपी बलवंत विलास साठवणे (36), निवासी दाबा, जिला भंडारा ने एनटीपीसी मौदा में नौकरी लगवाने का झांसा दिया।
उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बेरोजगार युवाओं को नौकरी का लालच दिया और उनसे अलग-अलग समय पर नकद तथा ऑनलाइन माध्यम से पैसे वसूले। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बलवंत साठवणे के साथ मुकेश मोरेश्वर धावड़े (35), निवासी निलन, तहसील पारशिवनी तथा नंदकिशोर भीमराव गायकवाड़ (44), निवासी खापरखेड़ा, तहसील सावनेर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पांच लाख रुपए की नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
एनटीपीसी के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर बेरोजगार युवाओं को ठगने की घटनाओं को देखते हुए नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति, संस्था या बिचौलिए को पैसे न दें। नियुक्ति पत्र की सत्यता संबंधित कंपनी के अधिकृत कार्यालय से जांच लें।
सोशल मीडिया या ऑनलाइन माध्यम से मिलने वाले नौकरी के प्रस्तावों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नौकरी का लालच देकर पैसे मांगने वाले लोगों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
इस कार्रवाई को पुलिस अधिकारी शशांक एन.एम. के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक भारत लालसेन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया।