RTM Nagpur University Student Protest: राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय में परीक्षा विभाग की लगातार बढ़ती अनियमितताओं, विद्यार्थियों को हो रही गंभीर परेशानियों तथा कोएम्प्ट कंपनी की कार्यप्रणाली के विरोध में एनएसयूआई द्वारा परीक्षा विभाग परिसर में जोरदार आंदोलन किया गया। आंदोलन के दौरान एनएसयूआई पदाधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने प्रतीकात्मक रूप से टेंडर की कॉपी जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर प्र-उपकुलपति डॉ. अखिलेश पेशवे तथा परीक्षा एवं मूल्यांकन मंडल के संचालक मोतीराम तड़स से मुलाकात कर विद्यार्थियों की समस्याओं और कंपनी से संबंधित शिकायतों को विस्तार से प्रस्तुत किया। एनएसयूआई ने बताया कि शीतकालीन परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को परीक्षा संचालन, मूल्यांकन एवं परिणामों में अत्यधिक विलंब जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा था। दुर्भाग्यवश ग्रीष्मकालीन परीक्षाओं के बाद भी लगभग वही स्थिति बनी हुई है जिससे हजारों विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है।
एनएसयूआई ने टेंडर प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। संगठन का दावा है कि कोएम्प्ट ग्लोवेरोना टेक्नोलॉजी तथा मैग्नेटिक इनफोटेक जैसी कंपनियों के बीच संबंधों की स्वतंत्र जांच की जानी चाहिए, संगठन ने आरोप लगाया कि विभिन्न विवि में टेंडर प्रक्रिया के दौरान इन कंपनियों की भूमिका एवं पारस्परिक संबंधों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढ़ें:-नागपुर समेत राज्यभर के NHM कर्मियों को 3 माह से नहीं मिला वेतन, तकनीकी खामी का खामियाजा आयुक्त के सख्त निर्देश
प्रशासन इस विषय में सभी आवश्यक दस्तावेजों, पात्रता मानदंडों एवं टेंडर प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। आंदोलन में अजीत सिंह, वैष्णवी भारद्वाज, प्रणय सिंह ठाकुर, निशाद इंदूरकर, सौरभ कालमेघ, लोकेश फुलझले, विद्यासागर त्रिपाठी, दयाशंकर शाहू आदि ने विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। रॉयल गेडाम, जैनुएल ओवेस, आयुष गोरले, आशीष दुफारे, यश इंगले, हिमांशु शाहकार, आर्यन इरुडकर, विनीत माटे, साहिल फुलझले, राहुल सतदेव आदि ने विरोध प्रदर्शन में भाग लिया।