Nagpur Graduate Constituency Devendra Fadnavis Nitin Gadkari meeting: नागपुर विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में उम्मीदवार को लेकर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संडे को दोपहर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से महल स्थित वाड़े पर मुलाकात की।
करीब डेढ़ घंटे चली बैठक में उम्मीदवार के नाम को अंतिम रूप देने को लेकर मंथन हुआ। उम्मीदवार कौन होगा, इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ प्रतिद्वंद्वी दलों में भी उत्सुकता बनी हुई है। चमकार सेवा संघ के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सीधे वाड़ा पहुंचे। भाजपा की ओर से कई दावेदार होने के कारण उम्मीदवार तय करते समय पार्टी नेतृत्व को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
बताया जाता है कि कुछ इच्छुक दावेदारों ने बगावत के संकेत भी दिए हैं। ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए 'डैमेज कंट्रोल' की कवायद भी की जाएगी। फडणवीस और गडकरी की बैठक के दौरान पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले भी उपस्थित थे।
सूत्रों के अनुसार, गडकरी के वाड़े पर पहले मनपा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान महापौर नीता ठाकरे, भाजपा शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी, विधायक मोहन मते, कृष्णा खोपड़े तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस बैठक में उम्मीदवार को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। इसके बाद सीएम, गडकरी और बावनकुले के बीच बंद कमरे में चर्चा हुई। भाजपा की ओर से सुधाकर कोहले और अनिल सोले दावेदारी में आगे बताए जा रहे हैं।
वहीं सुधीर दिये, गिरीश देशमुख और संदीप जोशी के भी इच्छुक होने की चर्चा है। पिछली बार ओबीसी फैक्टर प्रमुख मुद्दा था, इसलिए भाजपा की ओर से उम्मीदवार चयन को लेकर सावधानी बरती जा रही है।
नागपुर विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में उम्मीदवार को लेकर भाजपा की ओर से उम्मीदवारी के लिए लोकजागृति मोर्चा के अध्यक्ष रमन सेनाड ने भी दावा पेश किया है। इस संबंध में उन्होंने सीएम और गडकरी से मुलाकात कर पार्टी की ओर से उम्मीदवारी दिए जाने का अनुरोध किया है।