Nagpur Fire Incident: कपिलनगर थाना क्षेत्र की बैंक कॉलोनी में शुक्रवार तड़के एक गैराज में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग में गैराज में खड़ी करीब 20 दोपहिया गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। आग की लपटों से पास में स्थित एक क्लीनिक को भी नुकसान पहुंचा। आरोपी का नाम राजू महेन्द्रकर बताया गया।
बाबा दीप नगर निवासी सतीश यादव का बैंक कॉलोनी में दिवेश होंडा सर्विस नाम से गैराज है। यहां राजू काम करता था। शराब की लत के चलते यादव ने करीब 2 महीने पहले राजू को नौकरी से निकाल दिया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर राजू ने शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे गैराज में पहुंचकर आग लगा दी।
देखते ही देखते आग गैराज में खड़ीं दोपहिया गाड़ियों तक फैल गई। करीब 20 वाहन आग की चपेट में आकर जल गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि समीप स्थित विकास गिरी के क्लीनिक को भी नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलने के बाद कपिल नगर पुलिस मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान पुलिस को गैराज लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली। फुटेज में एक व्यक्ति गैराज के आसपास संदिग्ध गतिविधि करता नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही थी। आग लगाने के वास्तविक कारण और आरोपी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए गैराज के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, CCTV फुटेज के आधार पर आग लगने से पहले की गतिविधियों की जांच की जा रही है। आग में बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन जलने से गैराज संचालक को भारी नुकसान होने की आशंका है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आग जानबूझकर लगाई गई थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।