Nagpur Firing Near RSS Headquarter: महाराष्ट्र के नागपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नागपुर के महल इलाके में कोठी रोड पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय के पास 6 बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की। यह घटना CCTV में कैद हो गई। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो रहा है। फायरिंग की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत और डर का माहौल पैदा कर दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार यानी 17 मई को रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि 3 बाइक पर सवार 6 अज्ञात युवक वहां पहुंचते और इलाके में गोलीबारी शुरू कर देते हैं। जिस जगह यह घटना हुई वहां से RSS मुख्यालय मात्र 1.5 किलोमीटर की दूरी पर है।
नागपुर पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि रवि मोहतो और गंगा काकाडे ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता सौरभ से जुड़े एक विवाद के बाद फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने इलाके में दहशत फैलाने और अपना दबदबा कायम करने के इरादे से गोलीबारी की थी। पुलिस को यह भी शक है कि आरोपियों के बीच आपस में भी कोई विवाद था।
नागपुर पुलिस ने आगे बताया कि घटना को अंजाम देने वाले रवि मोहतो, गंगा काकाडे और अन्य आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उन पर ड्रग्स की तस्करी और अवैध हथियार रखने का आरोप है। उनके आपराधिक इतिहास को देखते हुए, पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है।
यह भी पढ़ें:- वाशिम में पेट्रोल पंप बना अखाड़ा! ग्राहकों के बीच डिब्बे से जमकर हुई मारपीट, देखें वायरल Video
घटना के तुरंत बाद नागपुर के कोतवाली पुलिस स्टेशन की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपियों का पता लगाने के कोशिश की जा रही है। वहीं CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और सबूत जुटाए जा रहे हैं। फायरिंग की इस घटना से महल इलाके के निवासियों में डर फैल गया है, जिसके बाद पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
बता दें कि यह RSS मुख्यालय के पास यह पहली वारदात नहीं है। पिछले माह अप्रैल में RSS मुख्यालय के करीब भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बारामद की गई थी। इसमें 15 जिलेटिन की छड़ें, 50 डिटोनेटर और 8 कनेक्टर बरामद हुए थे। साथ ही नागपुर में RSS ऑफिस को रेडिएशन हमले की धमकी भी मिली थी।