प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया) 
नागपुर

नागपुर में दर्दनाक हादसा: पिता बनने की खुशी मातम में बदली, शराब पार्टी के दौरान गाड़ी के नीचे आने से मौत

Nagpur Ajni Accident News: नागपुर के अजनी इलाके में नवजात बच्चे को देखने आए युवक की शराब पार्टी के दौरान अचानक गाड़ी चलने से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आकाश मसने

Nagpur News In Hindi: महाराष्ट्र के नागपुर शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। एक 25 वर्षीय युवक, जो मेडिकल अस्पताल में अपने नवजात बच्चे को देखने आया था, एक भीषण हादसे का शिकार हो गया। अजनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई इस दुर्घटना में युवक की जान उसके ही परिचितों की लापरवाही के कारण चली गई।

क्या है पूरा मामला?

मृतक की पहचान राहुल नगर, नवजीवन कॉलोनी निवासी रितिक प्रकाश सतार (25) के रूप में हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रितिक की पत्नी ने रविवार को मेडिकल अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था। इसी खुशी में रितिक रविवार रात करीब 8:30 बजे अस्पताल पहुंचा था। रात करीब 10 बजे, रितिक अपने भाई के साले राहुल साहेबराव कुराडे (26) और एक अन्य परिचित नयन गेडाम (25) के साथ मेडिकल चौक के पास स्थित 'शान बीयर बार' के पास खड़ी एक टाटा 407 गाड़ी (MH-40-CM-3487) में बैठा था। बताया जा रहा है कि तीनों गाड़ी के अंदर ही शराब पी रहे थे।

कैसे हुआ हादसा?

घटना के वक्त रितिक को पास की वाइन शॉप से और शराब लाने के लिए कहा गया। गाड़ी का इंजन चालू स्थिति में था। नयन गेडाम स्टीयरिंग व्हील पर बैठा था और राहुल कुराडे उसके बगल वाली सीट पर था। जैसे ही रितिक गाड़ी के सामने से गुजरने लगा, तभी अचानक राहुल कुराडे का पैर गियर लीवर पर लग गया, जिससे स्थिर खड़ी गाड़ी अचानक झटके से आगे बढ़ गई।

रितिक सीधे गाड़ी की चपेट में आ गया और टायर के नीचे कुचले जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चश्मदीदों के अनुसार, जब चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की, तो वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक लिया। राहुल कुराडे को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

अस्पताल में तोड़ा दम

गंभीर रूप से घायल रितिक को तुरंत पास के मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिस घर में नए मेहमान के आने की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है। सुनील बिसराम सतार (49) की शिकायत के आधार पर अजनी पुलिस ने आरोपी चालक नयन गेडाम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) और 281 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

दिल्ली दंगा साजिश केस: उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली अंतरिम जमानत

भारत-बांग्लादेश के रिश्तों की अग्निपरीक्षा बनेगी गंगा जल संधि, 30 साल पुरानी डील खत्म होने से पहले बढ़ी हलचल

Explainer: बोतल का पानी कितना खतरनाक है? इसे पीने से कैंसर कैसे हो सकता है

एक क्लिक में तुरंत पढ़ें 25 नवंबर 2026 की 10 बड़ी खबरें; देश-दुनिया, खेल-मनोरंजन और भी बहुत कुछ है खास

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: 2021 और 2024 के कानून रद्द, यूपी के कर्मचारियों को मिलेगी पुरानी सेवा की पेंशन