नागपुर, जरीपटका, छात्र की मौत, प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स-सोशल मीडिया) 
नागपुर

स्कूल में खेलते-खेलते अचानक गिरे 8 वर्षीय छात्र की मौत, मेयो अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

Nagpur School Jaripatka Incident: नागपुर के जरीपटका स्थित एक निजी स्कूल में रिसेस के दौरान खेलते समय 8 वर्षीय छात्र अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। 

अंकिता पटेल

Jaripatka School Student Death: नागपुर के जरीपटका क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रिसेस के दौरान दोस्तों के साथ खेल रहे 8 वर्षीय छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह स्कूल के कॉरिडोर में बेहोश होकर गिर पड़ा। स्कूल प्रशासन ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना से स्कूल परिसर में शोक का माहौल है, जबकि परिजन गहरे सदमे में हैं।

मृतक छात्र की पहचान समतानगर निवासी फनित शालिग्राम कटरे के रूप में हुई है। वह जरीपटका स्थित राजकुमार केवलरामानी स्कूल में तीसरी कक्षा का छात्र था। पुलिस के अनुसार, रोज की तरह मंगलवार सुबह उसकी मां उसे स्कूल छोड़कर गई थीं। दोपहर करीब 2:10 बजे रिसेस के दौरान फनित अपने सहपाठियों के साथ कक्षा से बाहर निकला और कॉरिडोर में अन्य बच्चों के साथ दौड़ते हुए खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया।

अस्पताल ले जाने के बावजूद नहीं बच सकी जान

छात्र के गिरते ही स्कूल के शिक्षक और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेयो अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे, जहां मासूम की मौत की खबर सुनकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सीसीटीवी फुटेज में नहीं दिखी कोई संदिग्ध बात

स्कूल के संचालक विजय केवलरामानी ने बताया कि घटना के बाद स्कूल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। फुटेज में फनित अन्य बच्चों के साथ सामान्य रूप से दौड़ता और खेलता हुआ दिखाई दे रहा है। अचानक वह बिना किसी बाहरी कारण के नीचे गिर जाता है। फुटेज में किसी बच्चे द्वारा धक्का देने, किसी वस्तु से टकराने या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि के कोई संकेत नहीं मिले हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही जरीपटका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (एडीआर) का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि छात्र की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल यह जांच की जा रही है कि कहीं बच्चे को कोई गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्या तो नहीं थी या अचानक आई किसी चिकित्सकीय स्थिति के कारण उसकी जान गई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

जहरीला धतूरा बेच रहे थे अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट, FSDA ने सस्पेंड किया फूड लाइसेंस, हड़कंप

आपका धर्म पारसी है,अन्य धर्मों पर टिप्पणी करने का हक नहीं, राहुल गांधी पर सांसद निशिकांत दुबे का जुबानी हमला

मनुस्मृति पर राहुल गांधी का वार, निशिकांत दुबे ने किया पलटवार; फिर चर्चा में आया आंबेडकर का विरोध

Weather Update: कई राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल, दिल्ली से MP-बिहार तक IMD का बारिश अलर्ट

Weather Update: देश भर में बारिश से हाहाकार! गुरुग्राम में हालात बेकाबू, 12 राज्यों में IMD का अलर्ट