Nagpur Mayor Nita Thakre Drain Cleaning: नागपुर मानसून के पूर्व भले ही मनपा प्रशासन द्वारा नदी और नालों की सफाई करने का दावा किया जा रहा हो लेकिन लगातार इसे लेकर आ रहीं शिकायतों के बाद अब महापौर नीता ठाकरे ने मनपा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने घनकचरा प्रबंधन विभाग को लक्ष्य निर्धारित करके सड़कों और नालों की सफाई का काम जल्द से जल्द पूरा करने की हिदायत दी। इसके साथ ही यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को तुरंत हटाने, सामान जब्त करने और इस जब्ती की जानकारी, तस्वीरें तथा वीडियो संबंधित वार्ड के नगरसेवकों को उपलब्ध कराने के स्पष्ट आदेश दिए गए हैं।
महापौर मानसून पूर्व कार्यों की समीक्षा के लिए प्रति दिन जोन कार्यालयों का दौरा कर रही हैं। इसी कड़ी में बुधवार को उन्होंने नेहरूनगर और गांधीबाग जोन के कार्यों का जायजा लिया। नेहरूनगर जोन की बैठक में विरोधी पक्ष के नेता संजय महाकालकर ने बढ़ते अतिक्रमण का मुद्दा उठाया।
इस पर महापौर ने निर्देश दिया कि अतिक्रमण पर लगातार कार्रवाई कर सामग्री जब्त की जाए और इसकी तस्वीरें व वीडियो संबंधित नगरसेवकों को भेजे जाएं। उन्होंने सक्करदरा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के लिए तुरंत नोटिस देने और जब्त किए गए सामान को दूर रखने को कहा है ताकि उसका दोबारा उपयोग न हो सके।
नगरसेवक बंडू राऊत ने मांग की कि इस जोन में सीमेंट सड़कों के लिए आवंटित फंड को सीवर लाइन के कार्यों में डायवर्ट किया जाए। इसके अलावा नगरसेवकों ने ध्यान आकर्षित किया कि जर्जर इमारतों के मालिकों को केवल मानसून से पहले नोटिस देने पर वे बारिश का बहाना बनाकर इमारत खाली करने से मना कर देते हैं। इसलिए प्रशासन को यह कार्रवाई केवल बारिश से पहले न करके साल भर करनी चाहिए।
गांधीचाग जोन में बड़ी संख्या में व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के कारण महापौर ने रात में भी कचरा उठाने की व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए। नगरसेवकों ने समस्या उठाई थी कि दुकानें बंद होने के बाद दुकानदार बाहर कचरा फेकते हैं जिससे सड़कों पर गंदगी फैलती है। फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने और यातायात को सुचारु बनाने के लिए फुटपाथ की चौड़ाई कम करने पर विचार करने का भी प्रशासन को सुझाव दिया गया है।
महापौर ने धनकचरा प्रबंधन विभाग को गटर लाइन और नालों की सफाई लक्ष्य बनाकर पूरी करने को कहा है। प्रत्येक वार्ड में एक आपातकालीन टीम तैयार रखने और उस टीम के प्रमुख का मोबाइल नंबर नगरसेवकों को देने के निर्देश दिए गए है।
यह भी पढ़ें:-डेटा चोरी, डिजिटल ब्लैकमेलिंग और अब आतंकी कनेक्शन की जांच! नागपुर पुलिस की गिरफ्त में आया शातिर साइबर ठग
इसके अलावा वार्ड में कीचड़ निकालने वाले पप चालू हालत में रखने और नगरसेवकों को झूठी जानकारी देने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी प्रशासन को दी गई है। महापौर ने यह भी बताया कि इस जोन में सीसीटीवी का नेटवर्क बढ़ाया जाएगा।