Yamini Krishna Lal Yadav Death: नागपुर के मानकापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत झिंगाबाई टाकली स्थित साईंनगर की 'गोविंद सिटी' सोसाइटी में पारिवारिक कलह के बाद एक 38 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। खाना बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद पति द्वारा की गई बेरहमी से पिटाई के कारण महिला को गंभीर आंतरिक चोटें आई थीं। मृतका की पहचान यामिनी कृष्णलाल यादव (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति कृष्णलाल यादव (41) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं।
नागपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी कृष्णलाल काम से घर लौटा और उसने अपनी पत्नी यामिनी से अपने तथा बच्चों के लिए खाना बनाने को कहा। उस समय यामिनी अपनी सोसाइटी में ही आयोजित होने वाली डांस क्लास में जाने के लिए तैयार हो रही थी। उसने तुरंत खाना बनाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि शराब के नशे में धुत कृष्णलाल ने आपा खो दिया और बच्चों के सामने ही यामिनी के पेट तथा गर्दन पर मुक्कों व हाथों से जोरदार हमला कर दिया।
हाथापाई के बाद यामिनी ने गर्दन और पेट में तेज दर्द की शिकायत की। पति जब तक पास के मेडिकल स्टोर से दवा लेने पहुंचा, तब तक दुकान बंद हो चुकी थी। रात में यामिनी की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और पेट में सूजन आने लगी। हालत नाजुक होने पर उसे मानकापुर के मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआत में मानकापुर पुलिस ने अकस्मात मृत्यु का मामला दर्ज कर शव को मेयो अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था।
मेयो अस्पताल की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रिपोर्ट में यामिनी की गर्दन की हड्डी टूटी हुई मिली और पेट में गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण आंतें फटी (Ruptured Intestine) पाई गईं। फॉरेंसिक सबूतों के आधार पर पुलिस ने जब कृष्णलाल से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।