

Nagpur Mankapur Murder Case: नागपुर के मानकापुर थाना क्षेत्र के साईंनगर इलाके में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। शराब के नशे में घर लौटे बैंक कर्मी पति ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी ही पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात को छुपाने के लिए ड्रामा भी रचा, लेकिन पुलिस और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी कलई खोल दी।
मृतका की पहचान 38 वर्षीय यामिनी कृष्णकांत यादव के रूप में हुई है, जो एक गृहिणी थीं। वहीं आरोपी पति 41 वर्षीय कृष्णकांत यादव एक बैंक में नौकरी करता है। इस दंपती के दो बच्चे भी हैं। जानकारी के मुताबिक, बुधवार की रात कृष्णकांत शराब के नशे में घर लौटा और उसने अपनी पत्नी से खाना मांगा।
शराब पीने की आदत से परेशान यामिनी ने उसे फटकार लगाई और खाना देने से इनकार कर दिया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच तीखी नोकझोंक और हाथापायी शुरू हो गई। गुस्से में अंधे हो चुके कृष्णकांत ने यामिनी को थप्पड़ मारे और पलंग पर गिराकर गला घोंटकर उसकी जान ले ली।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शातिर तरीके से बचने की कोशिश की। वह काफी देर तक घर के आसपास ही मंडराता रहा और बाद में पड़ोसियों को यह झूठी कहानी सुनाई कि अचानक यामिनी की तबीयत बिगड़ गई है। पड़ोसियों की मदद से वह उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका के चेहरे पर सूजन और चोट के निशान देखकर अस्पताल प्रबंधन को शक हुआ और उन्होंने तुरंत मानकापुर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शुरुआत में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया था, लेकिन मामला संदेहास्पद लगने पर डॉक्टर से पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट मांगी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह साफ हो गया कि यामिनी की मौत बीमारी से नहीं, बल्कि गला दबाने के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार शाम को आरोपी पति कृष्णकांत यादव को गिरफ्तार कर लिया।
मानकापुर थाने के वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर हरीश कालसेकर ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी। इस दर्दनाक घटना से बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है और पूरे परिसर में शोक व आक्रोश का माहौल है।