Nagpur Gang War Manewada Ghat: नागपुर मानेवाड़ा घाट पर शनिवार की शाम हत्या की सनसनीखेज वारदात हुई। रंजिश के चलते दुश्मन गैंग ने एक युवक और उसके साथियों पर हमला कर दिया। इस हमले में युवक की मौत हो गई। उसके साथी की हालत गंभीर बताई गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि समझौता करने के बहाने युवक को घाट पर बुलाया गया था और वहीं आरोपियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया।
इसे गैंगवार माना जा रहा है। शहर में हत्या की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सीपी विश्वास नांगरे पाटिल के कार्यभार संभालने के बाद से अब तक हत्या की 9 वारदातें हो चुकी हैं। मृतक पवन सूर्यवंशी बताया गया।
जख्मी अमन काले का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा था। आरोपियों में ज्ञानेश्वरनगर निवासी काका उर्फ अमन चौरसिया, अजय चौरसिया, यश सीदे, पियूष बघेल, महाकाली नगर निवासी वेदांत कपाटे, रौनक राऊत, नायडू और अन्य सहित 10 का समावेश है।
पुलिस के अनुसार अप्रैल महीने में ज्ञानेश्वर नगर द्वार के सामने पवन और काका के बीच विवाद हुआ था। उस समय पवन, अमन और अजय सोलंकी नामक युवकों ने काका के साथ जमकर मारपीट की थी। अजनी पुलिस ने उनके खिलाफ मामला भी दर्ज किया था। तब से काका उसे टपकाने की फिराक में था जबकि पवन विवाद आगे नहीं बढ़ाना चाहता था।
काका ने वेदांत और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर पवन की हत्या की प्लानिंग की। योजना के तहत वेदांत ने पवन को इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर दोस्ती की। तब से वह लगातार पवन के संपर्क में था लेकिन पवन यह नहीं जानता था कि दोस्ती की आड़ में उसे घात लगाने की योजना बनाई गई है।
शनिवार की शाम उसे मानेवाडा घाट पर मिलने बुलाया गया, पवन अपने दोस्त अमन काले और अजय सोलंकी के साथ घाट पर पहुंचा, वहां काका, अजय चौरसिया सहित अन्य पहले से ही इंतजार में बैठे थे। सभी ने मिलकर तीनों को घेर लिया, चौरसिया ने पवन के साथ गाली-गलौज की और अपने दोस्त के साथ हुई मारपीट का बदला लेने की बात कही।
इस पर पवन और चौरसिया के बीच झड़प हो गई। आरोपियों ने तीनों को घेर कर मारना शुरू कर दिया। चौरसिया ने पवन के सिर पर पत्थर से वार किया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, अन्य आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। अजय सोलंकी जान बचाने के लिए भागा लेकिन पवन और अमन आरोपियों के बीच फंस गए।
दोनों पर दनादन वार किए गए। पवन वहीं ढेर हो गया और आरोपी फरार हो गए। अमन को उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल ले जाया गया जबकि पंचनामा कर पवन का शव मेडिकल अस्पताल भेजा गया, सूचना मिलते ही सीपी विश्वास नांगरे पाटिल, ज्वाइंट सीपी नवीनचंद्र रेड्डी, डीआईजी वसंत परदेशी, डीसीपी रश्मिता राव और एसीपी नरेंद्र हिवरे सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
नागपुर बेटी के प्रेम प्रसंग से क्रोधित एक पिता ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और फरार हो गया। यह घटना न्यू कामठी थाना क्षेत्र के कुंभारे कॉलोनी इलाके में घटी।
यह भी पढ़ें:-नागपुर सुपर स्पेशलिटी में मरीजों की बढ़ी आफत: MRI के लिए 20 दिन, सीटी स्कैन के लिए 10 दिन की वेटिंग!
हमले में गंभीर रूप से घायल 23 वर्षीय जमशेर उर्फ जम्मू मुनीर खान पटेल की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी का नाम विजय उर्फ टायसन नामदेव डोंगरे है। जानकारी मिली है कि उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। विजय की बेटी और जमशेर के बीच प्रेम संबंध थे। इस कारण विजय क्रोध में था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।