IMD Yellow Alert Maharashtra: महाराष्ट्र में पिछले सप्ताह हुई मूसलाधार बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पिछले 4-5 दिनों से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ गई है, जिससे लोगों को भारी उमस और चिलचिलाती गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से आम जनता परेशान है। हालांकि, कुछ इलाकों को छोड़कर फिलहाल इस गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम ही नजर आ रही है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), मुंबई ने महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के लिए अगले पांच दिनों का मौसम पूर्वानुमान और चेतावनी जारी की है। इसके अनुसार, आज यानी 15 जुलाई को राज्य के कुछ ही हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 15 जुलाई के लिए ठाणे, रायगड, अहिल्यानगर, छत्रपति संभाजीनगर, जालना और नासिक व पुणे के घाट क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 15 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने कोंकण इलाके लिए राहत की खबर दी है। IMD के मुताबिक उत्तरी कोंकण के जिलों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने, हल्की से मध्यम बारिश और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
कोंकण के तटीय जिलों जैसे पालघर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। तटीय क्षेत्रों में अशांत समुद्र और खराब मौसम की स्थिति बनी रहने की संभावना है, जिससे मछुआरों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें:- बारामती को मिला वर्ल्ड-क्लास रेलवे स्टेशन, 11.40 करोड़ से पुनर्विकास, सुनेत्रा पवार ने PM मोदी का जताया आभार
मौसम विभाग ने नागपुर समेत विदर्भ के किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। नागपुर में पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण गर्मी और उसम का दौर फिर से शुरू हो गया है। इस साल सबसे गर्म शहरों में रहे अकोला, अमरावती में भी अभी बारिश के काेई आसार नहीं दिख रहे हैं। हालांकि, मराठवाड़ा के अन्य हिस्सों जैसे परभणी, हिंगोली, नांदेड़ और धाराशिव में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना बनी रहेगी।