5-स्टार होटल ताज, वृक्षारोपण (सोर्स: सोशल मीडिया)
नागपुर

नागपुर के लंदन स्ट्रीट पर ताज गेटवे का रास्ता साफ, लेकिन पेड़ कटाई पर फिर लगा ब्रेक, 3 सितंबर तक रुका काम

Nagpur Taj Gateway: नागपुर के लंदन स्ट्रीट पर 300 करोड़ के ताज गेटवे होटल निर्माण के लिए हाई कोर्ट और मनपा से मंजूरी मिल गई है, नागरिकों के विरोध के बाद पेड़ कटाई 3 सितंबर तक टाल दी गई है।

वेदांत जोशी

NMC Nagpur Tree Felling Approval: नागपुर के बहुचर्चित लंदन स्ट्रीट के प्लॉट नंबर 4 पर प्रस्तावित 5-स्टार होटल ‘ताज गेटवे’ के निर्माण का रास्ता कानूनी रूप से साफ हो गया है। पेड़ कटाई को लेकर लंबे समय से चल रही कानूनी लड़ाई में बॉम्बे हाई कोर्ट ने 10 अगस्त को संबंधित याचिका को डिस्पोज ऑफ कर दिया। इसके बाद नागपुर महानगरपालिका (NMC) ने 14 अगस्त को पेड़ काटने की मंजूरी दे दी।

हालांकि, परियोजना को लेकर विवाद अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। सोमवार को पेड़ कटाई शुरू होते ही स्थानीय नागरिक और पर्यावरण प्रेमी मौके पर पहुंच गए और विरोध जताया। करीब चार घंटे तक चली बहस के बाद फिलहाल पेड़ कटाई का काम 3 सितंबर तक रोक दिया गया है।

300 करोड़ की लागत से बनेगा होटल

लंदन स्ट्रीट के प्लॉट नंबर 4 पर करीब 48,000 वर्गफुट जमीन में 5-स्टार ‘ताज गेटवे’ होटल प्रस्तावित है। करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस होटल में लगभग 225 कमरे होंगे। प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी बिल्डर प्रफुल्ल देशमुख के पास है।

शहर के हॉस्पिटलिटी और पर्यटन क्षेत्र के लिए इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। होटल बनने के बाद रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ नागपुर में बड़े स्तर के पर्यटन और कारोबारी आयोजनों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

67 पेड़ों के बदले लगाए गए 1,610 पौधे

पेड़ कटाई को लेकर हाई कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान डेवलपर की ओर से पेड़ों की भरपाई के लिए पौधारोपण का आश्वासन दिया गया था। अदालत के निर्देशों के अनुसार काटे जाने वाले 67 पेड़ों के बदले 1,610 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं।

पौधारोपण की जानकारी और अनुपालन से संतुष्ट होने के बाद हाई कोर्ट ने याचिका को डिस्पोज ऑफ कर दिया। इसके बाद मनपा ने भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत पेड़ कटाई की अनुमति प्रदान की।

काम शुरू होते ही विरोध

मनपा की मंजूरी और 15 दिन की नोटिस अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को साइट पर पेड़ कटाई की प्रक्रिया शुरू की गई। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक और पर्यावरण कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।

विरोध कर रहे नागरिकों का कहना है कि लक्ष्मीनगर जोन में हरित क्षेत्र लगातार कम हो रहा है और ऐसी स्थिति में पुराने पेड़ों को काटने से पर्यावरण पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। मौके पर संबंधित दस्तावेज दिखाए जाने के बावजूद काफी देर तक बहस जारी रही।

आयुक्त से होगी नागरिकों की बैठक

करीब चार घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद फिलहाल पेड़ कटाई रोकने पर सहमति बनी। नागरिकों ने तय किया है कि वे मनपा आयुक्त से मुलाकात कर अपनी आपत्तियां और पर्यावरण संबंधी चिंताएं सामने रखेंगे।

बैठक होने तक यानी 3 सितंबर तक पेड़ कटाई का काम स्थगित रहेगा। इसके बाद प्रशासन और नागरिकों के बीच चर्चा के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

विकास बनाम हरियाली की बहस

‘ताज गेटवे’ प्रोजेक्ट को जहां नागपुर शहर के हॉस्पिटलिटी सेक्टर के लिए बड़ा निवेश माना जा रहा है, वहीं पेड़ों की कटाई ने एक बार फिर शहरी विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन का सवाल खड़ा कर दिया है।

कानूनी स्तर पर परियोजना को फिलहाल राहत मिल चुकी है और मनपा से भी पेड़ कटाई की अनुमति प्राप्त है। अब नजर 3 सितंबर को होने वाली बैठक पर है। यदि नागरिकों की चिंताओं का समाधान हो जाता है, तो परियोजना पर आगे का काम तेजी से शुरू होने की संभावना है।

दुनिया संकटों से जूझ रही, भारत फिर भी... 7.8% GDP ग्रोथ देख गदगद हुए PM मोदी, देशवासियों को दी बधाई

Weather Update: 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP समेत कई जगह 70 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

1 सितंबर से बदल गए कई बड़े नियम; LPG, कार, दूध से लेकर ITR तक, जानें जेब पर क्या होगा असर

राहुल गांधी पर FIR से उत्तराखंड में सियासी घमासान, सचिवालय घेरने की तैयारी में कांग्रेस, धामी ने किया पलटवार

25 साल पुराना जल विवाद खत्म? बिहार-झारखंड में सोन नदी के पानी को लेकर हुआ बड़ा समझौता