Nagpur Illegal Stalls Near Schools: नागपुर सिटी में शिक्षा संस्थानों के आसपास पनप रहे अवैध धंधों और शहर के बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। शहर के स्कूल और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में चल रहे अवैध पानठेलों और अतिक्रमण के खिलाफ महानगरपालिका और शहर पुलिस अब संयुक्त रूप से कड़ी कार्रवाई करेगी।
शहर में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों पर लगाम लगाने और अतिक्रमण उन्मूलन के मुद्दे पर शहर के पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल और मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने पुलिस व मनपा अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक की।
इस उच्च स्तरीय बैठक में सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, मनपा के अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम, उपायुक्त मंगेश खवले के साथ-साथ सभी सहायक आयुक्त और पुलिस विभाग के सभी उपायुक्त प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने इस बात पर जोर दिया कि नागपुर देश के केंद्र में स्थित है जिसके कारण देश के विभिन्न शहरों से विद्यार्थी यहां शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि शहर में कई ऐसे अवैध पानठेले पनप गए हैं जहां से ड्रग्स, सिगरेट और शराब की अवैध बिक्री की जा रही है।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए हैं कि ऐसी सभी जगहों पर पुलिस और मनपा की टीमें मिलकर संयुक्त कार्रवाई करें और जहां भी इस तरह के नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री हो रही है उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए।
मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने बैठक में महानगरपालिका द्वारा चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी 'मिशन 100 डे' की विस्तृत जानकारी पुलिस आयुक्त को दी। उन्होंने बताया कि इस मिशन का मुख्य उद्देश्य शहर के फुटपाथों से अतिक्रमण हटाकर पैदल चलने वाले राहगीरों के लिए सुरक्षित और खुले मार्ग का निर्माण करना है।
यह भी पढ़ें:- नागपुर आपली बस विवाद: नियमों को बाईपास कर कंपनी को भुगतान, परिवहन विभाग में वित्तीय गड़बड़ी का खुलासा
इससे न केवल शहरी अनुशासन स्थापित होगा बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में भी सुधार आएगा। आयुक्त ने यह भी बताया कि 'मिशन 100 डे' के अंतर्गत शहर को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है जिनमें मनपा, जिलाधिकारी कार्यालय, पुलिस विभाग, प्रन्यास, एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी विभाग शामिल हैं।