Nagpur Hingna T Point Fire Incident: नागपुर जिले के हिंगना टी-प्वाइंट के समीप स्थित होंडा मैस्कॉट शोरूम में सोमवार रात आग लगने से हड़कंप मच गया। हिंगना, एमआईडीसी और महानगरपालिका सहित 9 अग्निशमन केंद्रों से दमकल वाहन और अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
रात 10 बजे के दौरान शोरूम में आग लगने का पता चला। खबर मिलते ही हिंगना एमआईडीसी और वानाडोंगरी से 2 वाहन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे लेकिन तब तक शोरूम की तिमंजला इमारत आग की चपेट में आ चुकी थी, इसीलिए अन्य फायर स्टेशनों से भी मदद मांगी गई।
डिगडोह, वाड़ी, मिहान, वानाडोंगरी और मनपा के कंट्रोल रूम से त्रिमूर्तिनगर फायर स्टेशन से 2 वाहनों को मौके पर भेजा गया। शोरूम के भीतर धुआं फैल चुका था जिससे अग्निशमन दल को आग बुझाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बताया जाता है कि इमारत के ऊपरी माले पर दोपहिया वाहनों के पार्ट्स और पैकेजिंग का सामान रखा हुआ था। इस वजह से आग तेजी से फैलती गई। चारों तरफ से दमकल कर्मियों ने पानी की मार की।
यह भी पढ़ें:-पर्यावरण पखवाड़ा: नागपुर के 75 उद्यानों में चला महा स्वच्छता अभियान; मनपा का शहरव्यापी सफाई अभियान
इसके बावजूद लपटें तेजी से बढ़ रही थीं। करीब डेढ़ घंटे तक लगातार प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया गया। आग काबू में तो आ गई लेकिन भीतर गोदाम में रखे सामान से धुआं फिर भी उठ रहा था। बताया जाता है कि शोरूम में रखे अनेक दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है। देर रात तक अधिकारी जांच में जुटे थे।