Devinagar Road Waterlogging Issues: उत्तर नागपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देवीनगर-मांजरी परिसर के नागरिक पिछले कई महीनों से खराब सड़कों, गड्डों और भारी गंदगी की समस्याओं से जूझ रहे हैं। मानसून के दौरान यह स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है जिससे यहां का मुख्य मार्ग पूरी तरह से गड्डों के जाल में फंस गया है।
लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर भारी मात्रा में पानी भर गया है और पूरा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो चुका है। इससे नागरिकों का दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और स्कूली छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, महिलाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
परिसर के मुख्य मार्ग पर बने गहरे गड्डों में बारिश का पानी भर जाने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता है। परिणामस्वरूप दोपहिया चालकों को अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। भारी वाहनों को भी बहुत संभलकर और धीरे-धीरे गुजरना पड़ रहा है जिससे यातायात की गति धीमी हो गई है।
पैदल चलने वाले नागरिकों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है और कई जगहों पर सड़क और नाली के बीच का अंतर भी समझ नहीं आता है। इस वजह से छोटे बच्चों और बुजुर्गों के फिसलकर गिरने का खतरा काफी बढ़ गया है। स्कूली बच्चों की यूनिफॉर्म पर कीचड़ के छींटे पड़ना अब आम बात हो गई है।
बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहने के कारण परिसर में गंदगी का स्तर काफी बढ़ गया है। जगह-जगह कचरे के ढेर, जमा हुआ गंदा पानी और दुर्गंध से नागरिक बेहद परेशान है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के लने की आशंका भी जताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बुनियादी नागरिक सुविधाओं के अभाव के कारण उन्हें हर साल मानसून के दौरान ऐसी ही समस्याओं का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार इन समस्याओं की ओर संबंधित प्रशासन का कई बार ध्यान आकर्षित कराया गया है लेकिन बार-बार शिकायत करने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
मानसून पूर्व मरम्मत के कार्यों के दौरान नागपुर मनपा ने शहरभर के गड्ढे भरने का दावा किया था लेकिन इस परिसर में वह काम पूरी तरह नदारद दिखाई देता है। यदि मुख्य सड़क के गड्ढे समय पर भर दिए जाते तो आज नागरिकों को इस नरक जैसी यातनाओं से नहीं गुजरना पड़ता।
यह भी पढ़ें:-नागपुर MRO में गतिविधियों पर ब्रेक: हड़ताल के बाद सीमित हुआ कामकाज, एयर इंडिया ने नए विमानों का मेंटेनेंस रोका
देवीनगर-मांजरी के नागरिकों ने मांग की है कि मुख्य सड़क का तुरंत डामरीकरण कर सभी गड्ढे भरे जाएं, बारिश का पानी जमा न हो इसके लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था बनाई जाए, बंद और गाद से भरी नालियों की तुरंत साफ-सफाई की जाए और परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर कचरा हटाया जाए।
नागरिकों का कहना है कि यदि मानसून से पहले सड़कों की मरम्मत और नालियों की सफाई कर दी जाती तो आज यह दिन नहीं देखना पड़ता। समस्या के दिन-प्रति दिन गंभीर होने के कारण अब तुरंत ठोस उपाय किए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है।