नागपुर. हिंगना थाना क्षेत्र में एक गुट ने जबरदस्ती विवाद कर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. बेरहमी से पिटाई कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया और कार भी फोड़ दी. जख्मी युवक मोंढा, हिंगना निवासी प्रणय बाबाराव निघोट (24) बताया गया.
पुलिस ने प्रणय की शिकायत पर खड़का हिंगना निवासी मोहन शकूलाल बेटवार (24), शैलेंद्र रामलाल पांडे (34), प्रमोद महादेव अकोणे (30), गौरव अरुण बेहरे (24), अजय मेहुने और उनके 5-6 साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया. मंगलवार की शाम 5 बजे के दौरान प्रणय अपने दोस्त के फार्महाउस पर आयोजित होली की पार्टी में हिस्सा लेने जा रहा था. मोंढा गांव के पास प्रणय को उसका दोस्त गौरव बेहरे दिखाई दिया. उसके साथ 10-12 युवक भी खड़े थे.
गौरव को देख प्रणय ने गाड़ी रोक दी. उससे मुलाकात की और हंसी-मजाक करने लगा. गौरव के दोस्तों को प्रणय का मजाक बुरा लग गया. जबरदस्ती आरोपी युवकों ने प्रणय से विवाद और गालीगलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर गौरव सहित सभी आरोपियों ने प्रणय को घेर लिया. लाठी और लातों-घूंसों से उसे बुरी तरह पीटा.
प्रणय की गाड़ी पर पथराव कर कांच फोड़ दिए. प्रणय वहीं बेहोश हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही हिंगना पुलिस मौके पर पहुंची. उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती किया गया. बुधवार को उसका बयान दर्ज करके पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया. मोहन, शैलेंद्र, प्रमोद और गौरव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.