Nagpur Civil Lines Murde: नागपुर सिविल लाइंस परिसर में रविवार की रात एक अपराधी को मौत के घाट उतार दिया गया। बताया जाता है कि परिसर में ही रहने वाले अपराधियों ने योजनाबद्ध तरीके से उसका गेम किया। पहले तो उसे मिलने के लिए बुलाया। बाद में शराब पिलाकर धारदार हथियारों से वार कर उसकी हत्या की गई। मृतक तेलंगखेड़ी, गोंड टोली निवासी आकाश उर्फ डुम्बक सुरेश नेवारे (25) बताया गया।
नागपुर पुलिस ने उसके भाई पंकज नेवारे की शिकायत पर गोंडटोली निवासी पियूष उर्फ पेड़ा बघेल (22), विशाल उर्फ बब्बू काल्या चचाने (25) और सुदामनगरी निवासी रंजीत उर्फ रंजू गोपाल महतो (25) के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। आकाश के खिलाफ हत्या, मारपीट, चोरी, अपहरण और सेंधमारी सहित कई मामले दर्ज थे।
आरोपियों का भी क्रिमिनल रिकॉर्ड है। करीब 15 दिन पहले पुलिस ने पेड़ा और विशाल को चोरी के मामले में पकड़ा था। आकाश पिछले कुछ समय से रविनगर बस स्टैंड के समीप अपना पानठेला चला रहा था। जानकारी के अनुसार, जुलाई महीने में आकाश और उसके साथी जेम्स व अन्य ने ट्रैफिक पार्क के समीप पेड़ा की जमकर पिटाई की थी।
तब से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। 15 दिन पहले चोरी के मामले में गिरफ्तारी होने के बाद पेड़ा को लग रहा था कि आकाश उसकी मुखबिरी कर रहा है। हालांकि क्राइम रिकॉर्ड के हिसाब से आकाश उस पर काफी हावी था लेकिन पेड़ा परिसर में अपना वर्चस्व बनाने का प्रयास कर रहा था। इसीलिए वह आकाश का गेम करने की फिराक में था।
नागपुर सिविल लाइंस में पेड़ा और विशाल चोरी के मामले में जमानत मिलने के बाद से ही लगातार आकाश को निपटाने की प्लानिंग कर रहे थे। रविवार रात पानठेला बंद करके आकाश घर पहुंचा। लगभग 11 बजे आरोपियों ने उसे देशपांडे सभागृह और सतपुड़ा लॉन के बीच गली में मिलने बुलाया।
वहां सभी ने 1 बजे तक साथ बैठकर शराब पी.आकाश के नशे में धुत होते ही आरोपियों ने उसे घेरकर हथियारों से गोद दिया, लगभग 24 वार होने से आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। तब तक विवाद की जानकारी पुलिस को मिल चुकी थी। सीताबर्डी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया।
नागपुर जिले की क्राइम ब्रांच यूनिट 2 की टीम ने देर रात तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। भाई पंकज ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से आरोपी लगातार आकाश से विवाद कर रहे थे। रविनगर परिसर में पानठेला लगाने के लिए रुपयों की मांग की जा रही थी। नागपुर सिविल लाइंस जैसे अति सुरक्षित इलाके में मर्डर की वारदात होना आश्चर्य की बात है। बताया जाता है कि घटनास्थल पर रोजाना असामाजिक तत्वों की धमाचौकड़ी रहती है और नशीले पदार्थों का सेवन किया जाता है।