

Crorepati Gali Civil Lines Nagpur: सिविल लाइंस स्थित हिस्लॉप कॉलेज से सिविल कोर्ट की ओर जाने वाली चर्चित ‘करोड़पति’ गली इन दिनों अपनी पहचान खोती नजर आ रही है। कभी पॉश और शानदार वॉकिंग स्ट्रीट के रूप में पहचानी जाने वाली यह सड़क अब गड्ढों, कीचड़, कचरे और जलजमाव की समस्या से जूझ रही है। मार्ग की बदहाली से स्थानीय नागरिकों के साथ रोजाना यहां से गुजरने वाले सैकड़ों वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इस मार्ग पर कई प्रतिष्ठित नागरिकों के बंगले हैं। इसके बावजूद सड़क की मौजूदा स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। बारिश के दौरान हालात और खराब हो जाते हैं। सड़क के गड्ढों में पानी भरने से दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों के लिए आवाजाही मुश्किल हो जाती है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले इस मार्ग पर पाइपलाइन बिछाने के साथ सीमेंट रोड बनाने का काम शुरू किया गया था। निर्माण सामग्री सड़क किनारे रखकर काम शुरू तो हुआ, लेकिन कुछ समय बाद ही कार्य बंद हो गया। लंबे समय तक मलबा और निर्माण सामग्री सड़क किनारे पड़ी रही। नागपुर के नागरिकों का कहना है कि कुछ सामग्री अब भी मौके पर मौजूद है।
अधूरे निर्माण के कारण सड़क के कई हिस्सों में बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश में इनमें पानी और कीचड़ जमा होने से वाहन चालकों को कई बार गड्ढों में वाहन फंसने जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है।
गड्ढों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। इससे नागरिकों में डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों को लेकर चिंता बनी हुई है। वहीं सड़क किनारे जमा कचरे और कीचड़ से दुर्गंध की समस्या भी बढ़ गई है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अधूरी पाइपलाइन और सीमेंट रोड का काम तत्काल पूरा किया जाए। साथ ही गड्ढों की मरम्मत, मलबे व कचरे की सफाई और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।