United Forum Of Bank Unions: सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल से पहले ग्राहकों को राहत देने के लिए रविवार को जिले के बैंकों की सभी शाखाएं खुली रहेंगी। इस दौरान बैंक शाखाओं में सामान्य दिनों की तरह कामकाज होगा और ग्राहकों के लेन-देन से जुड़े जरूरी कार्य निपटाए जाएंगे।
बैंक प्रबंधन ने लगातार कई दिनों तक बैंक बंद रहने की स्थिति को देखते हुए यह व्यवस्था की है। जानकारी के अनुसार रविवार को बैंक की शाखाएं सामान्य कार्यदिवस की तरह संचालित होंगी।
शाखाओं में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे और ग्राहकों के बैंकिंग संबंधी कार्य और लेन-देन का काम किया जाएगा। इसका उद्देश्य हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने से पहले ग्राहकों को जरूरी काम निपटाने का अवसर देना है।
पांच सूत्रीय मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स ने 28 सितंबर से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित रहेगा।
इसके पहले शनिवार को भी बैंक अवकाश होने और रविवार को सामान्य साप्ताहिक अवकाश होने के कारण लगातार कई दिनों तक शाखाओं के बंद रहने की स्थिति बन रही थी। ऐसे में बैंकिंग लेन-देन पर इसका सीधा असर पड़ने और ग्राहकों को परेशानी होने की आशंका थी। इसी को देखते हुए रविवार को बैंक शाखाएं खोलकर ग्राहकों को राहत देने का निर्णय लिया गया है।
तीन दिवसीय हड़ताल के दौरान बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद एटीएम और यूपीआई जैसी डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जारी रहेंगी।
सभी बैंकों के एटीएम में पर्याप्त कैश उपलब्ध रखने की व्यवस्था की जा रही है। एटीएम में कैश की नियमित आपूर्ति के लिए संबंधित कैश सप्लाई करने वाली कंपनी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।