नागपुर: महल क्षेत्र में शनिवार को एक गोडाउन में भीषण आग लगने से 2 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों का नाम गिरीश खत्री (35) और विठ्ठल धोटे (25) है। गंभीर रूप से जख्मी गुणवंत नागपुरकर (28) को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर दमकल विभाग समेत पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पूरे परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। रहवासी इमारत होने के कारण कई लोग बिल्डिंग में फंसे हुए थे। समय रहते फंसे हुए लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है। पुलिस फोर्स भी स्थिति संभालने के लिए जद्दोजहद करती रही।
4 मंजिला रहवासी इमारत में गोदाम
मध्य नागपुर के महल क्षेत्र में गांधी गेट के पास जय कमल कॉम्प्लेक्स है। यह 4 मंजिला बिल्डिंग काफी पुरानी है। बिल्डिंग के तल पर आरके लाइट हाउस और एनके लाइट हाउस नामक दुकान मौजू है। गिरीश खत्री एनके लाइट हाउस के मालिक थे। साथ ही शादी में उपयोगी सामग्री और पटाखे की दुकान भी मौजूद है। इन दुकानों का गोडाउन पहले माले पर मौजूद है। गोडाउन में पटाखे, सीरीज, हैलोजन लाइट्स समेत इलेक्ट्रिक सामान रखा हुआ था।
सूत्रो ने बताया कि शनिवार को गोडाउन में वेल्डिंग का काम चल रहा था। तभी शाम करीब 7 बजे वेल्डिंग से निकली चिंगारी गोडाउन में रखे सामान पर जा गिरी। चिंगारी के चलते सामान और पटाखों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोडाउन को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में आग पूरी इमारत में फैल गई।
आग, धुआं और मची चीख पुकार
आग फैलते ही पूरे परिसर में चीख-पुकार की आवाज सुनाई देने लगी। इमारत में फंसे लोग भी मदद के लिए चिल्लाने लगे। इमारत में धुआं भरने लगा। धुएं के कारण एनके लाइट हाउस के मालिक गिरीश खत्री और उनका कर्मचारी विठ्ठल धोटे बेहोश हो गए। आग और धुएं के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गुणवंत नागपुरकर गंभीर जख्मी हो गए। उन्हें तुरंत मेडिकल में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलते ही एक के बाद एक 4 फायर ब्रिगेड को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। पुलिस की टीम भी तत्काल मौके पर पहुंची। आग की लपटें इतनी विशाल थीं कि दमकल जवानों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब 2 घंटों की मशक्कत के बाद दमकल जवानों ने आग पर काबू पा लिया। साथ ही इमारत में फंसे लोगों को बचाया गया।
खाली कराई गई इमारत
आग बुझने के बाद गिरीश और विठ्ठल को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल पैदा हो गया। सूत्रों ने बताया कि पुलिस द्वारा लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर रात भर के लिए पूरी इमारत खाली कराई गई। लोगों का कहना है कि रहवासी इमारत में पटाखों की जानकारी देने के बावजूद मनपा की ओर से कोई एक्शन नहीं लिया गया। वहीं दमकल विभाग भी आग लगने के पुख्ता कारणों की जांच में जुट गया है।