Eknath Shinde Virat Kohli Meeting: दुनियाभर में रहने वाले मराठी समाज, उद्यमियों और मराठी संस्कृति को एक साझा वैश्विक मंच से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घोषणा की कि अगला ‘विश्व मराठी साहित्य सम्मेलन’ लंदन में आयोजित किया जाएगा।
इस सम्मेलन के जरिए विदेशों में रहने वाले मराठी लोगों को अपनी भाषा, साहित्य और संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
लंदन के ऐतिहासिक महाराष्ट्र मंडल की ओर से उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को ‘ग्लोबल प्राइड ऑफ महाराष्ट्र’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
महाराष्ट्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के दौरान महाराष्ट्र भवन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
एकनाथ शिंदे के कार्यक्रम में पहुंचने पर युवाओं ने पारंपरिक मराठी अंदाज में उनका स्वागत किया। ढोल-ताशों की गूंज के बीच हुए इस स्वागत ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया। बड़ी संख्या में मौजूद मराठी समुदाय के लोगों ने महाराष्ट्र की संस्कृति और परंपरा की झलक भी पेश की।
लंदन दौरे के दौरान शुक्रवार को एकनाथ शिंदे की भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली से भी मुलाकात हुई। शिंदे ने बताया कि वह और कोहली पहले भी मिल चुके हैं, लेकिन इस बार दोनों के बीच हुई सीधी बातचीत से उन्हें काफी खुशी हुई।
शिंदे के मुताबिक, मुलाकात के दौरान उन्होंने विराट कोहली को महाराष्ट्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और राज्य में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। शिंदे ने बताया कि विराट कोहली ने महाराष्ट्र में हुए विकास की सराहना करते हुए इसे अभूतपूर्व बताया।
लंदन में विश्व मराठी साहित्य सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा को दुनियाभर के मराठी समुदाय को जोड़ने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। इससे मराठी भाषा, साहित्य, संस्कृति और महाराष्ट्र से जुड़े वैश्विक संवाद को नया मंच मिलने की उम्मीद है।