Vijay Wadettiwar On Sanjay Gaikwad: कांग्रेस के कद्दावर नेता विजय वडेट्टीवार ने पूर्व सांसद नवनीत राणा की आलोचना करते हुए उन पर 'फिल्मी' तंज कसा है। नवनीत राणा द्वारा कांग्रेस नेताओं को चिल्लर कहे जाने पर वडेट्टीवार ने पलटवार करते हुए कहा, नवनीत राणा हमें चिल्लर ही समझेंगी क्योंकि वे प्रधानमंत्री मोदी को थोक (बड़ा) समझती हैं। वे कितनी महान हैं, यह सब जानते हैं; वे एक 'सी-ग्रेड' की पॉपुलर हीरोइन रही हैं। वे पर्दे की कलाकार हैं, इसलिए उनकी नजर में हम जैसे जमीनी नेता चिल्लर ही होंगे।
वडेट्टीवार यहीं नहीं रुके, उन्होंने नवनीत राणा को 'जातीय जहर' फैलाने के लिए पाली गई विषवल्ली (जहरीली बेल) करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राणा अमरावती के परतवाडा मामले को जानबूझकर सांप्रदायिक रंग दे रही हैं।
नवनीत राणा ने हाल ही में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि कांग्रेस ने 'हरे जहरीले सांप' पाल रखे हैं। इस पर जवाब देते हुए वडेट्टीवार ने कहा, "जरा जीव विज्ञान का अध्ययन कर लें; हरा सांप कभी जहरीला नहीं होता। असली जहर तो उन सांपों में होता है जो 'गोरे' रंग के होते हैं। इसका जवाब भी उन्हें जल्द मिल जाएगा।" उन्होंने परतवाडा की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां महिलाओं को आगे आकर हिम्मत दिखानी चाहिए। अपराध को जाति और धर्म के चश्मे से देखना गलत है।
शिवसेना विधायक संजय गायकवाड द्वारा एक पुस्तक के प्रकाशक को दी गई धमकी और उनकी वायरल ऑडियो क्लिप पर भी वडेट्टीवार ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, "संजू को गंजू करके छोड़ेंगे। लोकतंत्र और संविधान के दायरे में रहकर बात करनी चाहिए। किसी लेखक या प्रकाशक को इस तरह अश्लील भाषा में धमकी देना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को तुरंत संज्ञान लेकर विधायक गायकवाड पर मामला दर्ज करना चाहिए।"
यह भी पढ़ें:
वडेट्टीवार ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें केवल इसलिए ट्रोल किया जा रहा है क्योंकि वे दलित समाज से आते हैं। उन्होंने भाजपा पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाते हुए पूछा कि जब सुब्रमण्यम स्वामी महिलाओं और प्रधानमंत्री पर टिप्पणी कर रहे थे, तब सत्ता पक्ष ने अपना मुंह क्यों सिल लिया था?