Mumbai Vidyavihar Flyover Projects: मुंबई के बहुप्रतीक्षित विद्याविहार फ्लाईओवर का इंतजार एक बार फिर लंबा हो गया है। जून 2026 तक इस फ्लाईओवर को यातायात के लिए खोलने की उम्मीद थी, लेकिन परियोजना तय समय पर पूरी नहीं हो सकी। अब बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने इसे 15 अगस्त तक शुरू करने का नया लक्ष्य निर्धारित किया है।
करीब 178 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह चार लेन का फ्लाईओवर विद्याविहार रेलवे स्टेशन के ऊपर से होकर रामकृष्ण चेंबूरकर मार्ग (पूर्व) को लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) मार्ग (पश्चिम) से जोड़ेगा। पूर्व और पश्चिम विद्याविहार के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने की मांग स्थानीय नागरिक लंबे समय से कर रहे थे।
यह मुंबई परियोजना पहली बार वर्ष 1991 की संशोधित विकास योजना में शामिल की गई थी। इसके लिए वर्ष 2016 में निविदाएं जारी की गईं। मूल योजना के अनुसार फ्लाईओवर का निर्माण वर्ष 2022 के मध्य तक पूरा होना था, लेकिन विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से इसकी समयसीमा कई बार बढ़ानी पड़ी। दिसंबर 2024, मार्च 2025 और जून 2026 के लक्ष्य भी पूरे नहीं हो सके।
लगभग 612 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर में रेलवे ट्रैक के ऊपर ओपन-वेब स्टील गर्डर लगाया गया है। प्रत्येक गर्डर का वजन करीब 1,100 मीट्रिक टन है। पुल के दोनों ओर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ भी बनाए गए हैं, जिससे उन्हें विद्याविहार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म तक सुविधाजनक पहुंच मिलेगी।
यह भी पढ़ें:- विरार-अलीबाग कॉरिडोर की बड़ी बाधा दूर, वन विभाग को मिलेगी 30 हेक्टेयर जमीन, सफर का समय 5 से घटकर होगा 2 घंटे
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में विद्याविहार के पूर्व और पश्चिम हिस्से के बीच आने-जाने के लिए लोगों को घाटकोपर या कुर्ला होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इससे व्यस्त समय में 40 से 45 मिनट तक का समय लग जाता है। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद यही यात्रा 10 से 15 मिनट में पूरी हो सकेगी, जिससे ट्रैफिक जाम कम होगा और हजारों दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी।
मुंबई बीएमसी का कहना है कि निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और शेष कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार हुआ तो 15 अगस्त तक फ्लाईओवर को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे पूर्व-पश्चिम संपर्क और शहर की यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार होने की उम्मीद है।