वर्षा गायकवाड़ और उज्जवल निकम (फोटो: एक्स और पीटीआई) 
मुंबई

मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से वर्षा गायकवाड़ जीतीं, उज्जवल निकम को 16 हजार वोटों से हराया; जानें मुंबई की अन्य 5 सीटों पर कौन जीता

मुंबई नॉर्थ सेंट्रल लोकसभा सीट से कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ ने भाजपा के उज्जवल निकम को 16 हजार वोटों के अंतर से हराया है। एमवीए 30 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि, महायुति 17 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। महाविकास अघाड़ी ने मुंबई की पांच सीटों पर जीत दर्ज कर ली है।

शुभम सोनडवले

मुंबई. महाराष्ट्र के मुंबई नॉर्थ सेंट्रल लोकसभा सीट से कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ ने जीत हासिल कर ली है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उज्जवल निकम को 16 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हराया है। मतगणना की शुरुआत में गायकवाड़ आगे चल रही थी, लेकिन इसके बाद उज्ज्वल निकम बढ़त बनाए हुए थे, लेकिन आखिरी राउंड में वर्षा गायकवाड़ ने बढ़त बना ली और जीत दर्ज कर ली।

बता दें कि भाजपा ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से सांसद पूनम महाजन का टिकट काट कर उज्जवल निकम को दिया था। इस सीट को कांग्रेस का गढ़ माना जाता था। इस सीट से सुनील दत्त प्रतिनिधित्व कर रहे थे। 2014 में सुनील दत्त की बेटी प्रिया दत्त को यहां से हार का सामना करना पड़ा था।

मुंबई नॉर्थ सेंट्रल लोकसभा सीट पर वोटों की गिनती के दौरान वर्षा गायकवाड़ और बीजेपी के उज्ज्वल निकम के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। गिनती शुरू होते ही वर्षा गायकवाड़ आगे रहीं। हालांकि, इसके बाद बीजेपी के उज्ज्वल निकम ने अच्छे वोटों से बढ़त बनाई। जब, निकम 56 हजार से आगे चल रहे थे तब ऐसी चर्चा थी कि वर्षा गायकवाड़ की हार होगी। हालांकि, आखिरी तीन राउंड की गिनती में तस्वीर पूरी तरह बदल गई। पहले दो राउंड में वर्षा गायकवाड़ और निकम के बीच सिर्फ 700 वोटों का फासला था। जबकि, आखिरी राउंड में उज्जवल निकम और वर्षा गायकवाड़ के बीच महज 176 वोटों का अंतर था। इसके बाद गायकवाड़ ने बढ़त बनाई और 16,514 वोट से जीत दर्ज की।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी (एमवीए) ने महायुति को कड़ी टक्कर दी है। एमवीए 30 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि, महायुति 17 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। महाविकास अघाड़ी ने मुंबई की चार सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। जबकि, महायुति को सिर्फ दो सीट मिली है।

उत्तर मुंबई में केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल की जीत

उत्तरी मुंबई लोकसभा क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एक तरफा जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस और महा विकास अघाड़ी के भूषण पाटिल को 3.5 लाख से अधिक वोटों से हराया। वह शुरआत से ही बढ़त बनाए हुए थे।

नॉर्थवेस्ट मुंबई में रविंद्र वायकर ने अमोल कीर्तिकर को हराया

नॉर्थवेस्ट मुंबई लोकसभा सीट से शिवसेना (शिंदे गुट) के रवींद्र वायकर ने शिवसेना (ठाकरे गुट) और महाविकास अघाड़ी के उम्मीदवार अमोल कीर्तिकर को हराया है। इस सीट पर पहले कीर्तिकर को विजयी माना जा रहा था, लेकिन रवींद्र वायकर की मांग पर वोटों की दोबारा गिनती की गई, जिसमें वायकर ने जीत हासिल कर ली है।

साउथ सेंट्रल मुंबई में अनिल देसाई की जीत

साउथ सेंट्रल मुंबई लोकसभा सीट से शिवसेना (ठाकरे गुट) और महा विकास अघाड़ी के उम्मीदवार अनिल देसाई ने जीत दर्ज की है। देसाई ने शिवसेना (शिंदे गुट) के राहुल शेवाले को 53 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल की है।

साउथ मुंबई में अरविंद सावंत ने दर्ज की जीत

साउथ मुंबई लोकसभा क्षेत्र से शिवसेना (ठाकरे गुट) और महाविकास अघाड़ी के उम्मीदवार अरविंद सावंत ने जीत हासिल की है। अरविंद सावंत ने शिवसेना (शिंदे गुट) की यामिनी जाधव को करारी शिकस्त दी है।

नॉर्थ ईस्ट मुंबई में संजय दीना पाटिल की जीत

नॉर्थ ईस्ट मुंबई लोकसभा सीट से शिवसेना (ठाकरे गुट) और महाविकास अघाड़ी के उम्मीदवार संजय दीना पाटिल ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा के मिहिर कोटेचा को हराया है। वोटों की गिनती की शुरुआत से ही पाटिल और मिहिर कोटेचा के बीच कांटे की टक्कर रही। फिर संजय दीना पाटिल ने बढ़त बनाई और मिहिर कोटेचा को हरा दिया।

तेजपाल को जाना ही होगा जेल...सुप्रीम कोर्ट ने ठुकराई याचिका, सरेंडर के लिए दिया दो हफ्ते का टाइम

जंतर-मंतर हिंसा से दिल्ली पुलिस ने ली सीख, तैयार किया नया प्लान, अब हर बड़े प्रदर्शन पर ऐसे रखी जाएगी पैनी नजर

2027 की जनगणना से पहले राहुल गांधी और खड़गे ने PM मोदी को लिखा पत्र, जाति के आंकड़ों पर उठाए सवाल

6 साल में 41 मासूमों की मौत; अमरावती से झांसी तक अस्पताल बने आग का गोला, लेकिन एक भी दोषी को नहीं हुई सजा

मनुस्मृति पर राहुल गांधी के बयान पर भड़के जगद्गुरु अविमुक्तेश्वरानंद, कहा- हिंदू धर्म विरोधी मानसिकता त्यागें