Mumbai Local Train News: उरण रेल कॉरिडोर पर यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। सोमवार से बेलापुर/नेरुल-उरण सेक्शन पर 5 अतिरिक्त जोड़ी लोकल ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा।
इसके साथ ही उरण लाइन पर दो नए स्टेशन-तरघर और गावन-भी यात्रियों के लिए चालू कर दिए जाएंगे। तरघर स्टेशन, प्रस्तावित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट स्थित होने के कारण भविष्य में यात्रियों के लिए बेहद सुविधाजनक साबित होगा। जबकि गावन स्टेशन उपनगरीय रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा।
विस्तारित समय सारिणी के अनुसार उरण से पहली ट्रेन सुबह 5.35 बजे और आखिरी ट्रेन रात 10.05 बजे चलेगी। बेलापुर से सेवाएं सुबह 5.45 बजे से रात 10.15 बजे तक, जबकि नेरुल से सुबह 6.05 बजे से रात 9.30 बजे तक उपलब्ध रहेंगी।
इन बदलावों के साथ कुल सेवाओं की संख्या 40 से बढ़कर 50 हो जाएगी, जिससे पीक आवर्स में भी यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। यात्रियों से अनुरोध है कि वे नई समय-सारिणी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।