मुंबई: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 8 सितंबर से महाराष्ट्र के दौरे पर हैं। उन्होंने 8 सितंबर को मुंबई में एक कार्यक्रम में भाग लिया। महाराष्ट्र सहित पूरे देश में गणेशोत्सव मनाया जा रहा है। मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान दूर-दूर से भक्त यहां आकर भगवान गणेश के दर्शन करते हैं। इसी कड़ी में आज यानी 9 सितंबर को अमित शाह ने मुंबई के लालबाग के राजा के दर्शन किए। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी धर्मपत्नी सोनल शाह भी माैजूद थीं
मुंबई के लालबाग इलाके में सबसे प्रसिद्ध गणेश पंडाल में भगवान गणेश के दर्शन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े भी थे। शाह बाद में बांद्रा वेस्ट गणेश पंडाल भी गए, जो भाजपा की मुंबई इकाई के अध्यक्ष आशीष शेलार से संबद्ध है।
इससे पहले सुबह, गृहमंत्री शाह ने मुख्यमंत्री शिंदे और फडणवीस के आधिकारिक आवास पर स्थापित गणेश प्रतिमाओं के दर्शन किए। यह मुंबई में शाह के दौरे का दूसरा दिन है। रविवार रात को उन्होंने मुख्यमंत्री शिंदे के साथ ही उपमुख्यमंत्री फडणवीस और अजित पवार से मुलाकात की थी।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने सोमवार को मुंबई में प्रसिद्ध लालबाग के राजा गणेश पंडाल जा कर गणेश भगवान के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। शरद पवार अपने दामाद सदानंद सुले और नातिन रेवती के साथ लालबागचा राजा के पंडाल में गए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि ‘‘मुंबई के गणेश उत्सव की धूम गिरगांव में देखी जा सकती है। अपने परिवार के सदस्यों के साथ पूरे दिल से लालबागचा राजा पंडाल के दर्शन किए। मैंने किसानों तथा आम लोगों के हितों के लिए लड़ने की शक्ति पाने की प्रार्थना की।''
भाजपा के विधान परिषद सदस्य प्रवीण दरेकर ने पवार के लालबागचा राजा पंडाल में जाने को ‘‘दिखावा'' बताया। दरेकर ने दावा किया कि ‘‘पवार कई वर्षों बाद मंदिर गए हैं और वह भी राजनीतिक कारणों से। उनका पंडाल में जाना बड़ा दिखावा है। पवार ऐसे कार्यक्रमों में शामिल हुए हैं जहां वक्ताओं ने हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया है लेकिन उन्होंने कभी उनका विरोध नहीं किया।''
(एजेंसी इनपुट के साथ)