ठाणे मनपा (सोर्स: सोशल मीडिया) 
मुंबई

ठाणे में IVF-सोनोग्राफी केंद्रों की होगी जांच, बदलापुर अंडाणु तस्करी मामले के बाद मेयर ने दिए निर्देश

Badlapur Egg Selling Case: ठाणे के बदलापुर में महिलाओं के अंडाणु अवैध रूप से बेचने के मामले के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। महापौर ने पूरे शहर के IVF और सोनोग्राफी सेंटरों की सघन जांच के आदेश दिए हैं।

आकाश मसने

Thane IVF Center Investigation: पिछले दिनों महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में गरीब महिलाओं के अंडाणु (Eggs) अवैध रूप से बेचने वाले एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ था। इस मामले की गूंज अब ठाणे महानगर पालिका (TMC) तक पहुंच गई है, जिसके बाद प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है।

महापौर शर्मिला पिंपोलकर ने दिए सख्त निर्देश

इस मामले के तार ठाणे शहर से जुड़ते ही महापौर शर्मिला पिंपोलकर-गायकवाड़ ने मंगलवार को एक आपातकालीन बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि ठाणे के सभी IVF (In-Vitro Fertilization) और सोनोग्राफी सेंटरों की तत्काल जांच की जाए। बदलापुर मामले की शुरुआती जांच में यह पाया गया कि ठाणे के एक अस्पताल में बिना किसी वैध लाइसेंस के IVF सेंटर चलाया जा रहा था और वहां बड़े पैमाने पर गैर-कानूनी कृत्य हो रहे थे।

कैसे चलता था यह काला कारोबार?

मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रसाद पाटिल ने बैठक में चौंकाने वाली जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को निशाना बनाता था। इन महिलाओं को चंद रुपयों का लालच देकर भारी मात्रा में हार्मोनल इंजेक्शन दिए जाते थे ताकि उनके गर्भ में सामान्य से अधिक अंडाणु (Eggs) बन सकें। इसके बाद, इन अंडाणुओं को निकालकर लाखों रुपयों में बेचा जाता था। यह न केवल अवैध है, बल्कि उन महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।

अस्पताल सील, मान्यता रद्द

मामला प्रकाश में आते ही ठाणे मनपा के स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल एक्शन लिया है। जिस अस्पताल में यह अवैध धंधा चल रहा था, उसकी मान्यता रद्द कर दी गई है और वहां की सोनोग्राफी मशीनों को सील कर दिया गया है। महापौर ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि अवैध सोनोग्राफी सेंटरों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जाए और इसकी साप्ताहिक रिपोर्ट पेश की जाए। इस बैठक में शिवसेना गुट नेता पवन कदम और स्वास्थ्य विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

प्रशासन की चेतावनी

ठाणे की महापौर शर्मिला पिंपोलकर ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन अब उन बिचौलियों की तलाश में है जो इन महिलाओं को बहला-फुसलाकर इस रैकेट में लाते थे।

BRICS Summit: दिल्ली में ब्रिक्स का मंच तैयार, किस-किस देश के नेता होंगे शामिल; भारत के लिए क्या है खास?

IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग केस: लालू, तेजस्वी और राबड़ी समेत 9 के खिलाफ आरोप तय, राउज एवेन्यू कोर्ट का बड़ा फैसला

बिहार में फिर एक पुल गिरा, लॉन्चर मशीन के नीचे दबे मजदूर, तेजस्वी ने BJP पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

नेताओं पर चढ़ा 80s रेट्रो ट्रेंड का खुमार, चिराग से थरूर तक दिखा जबरदस्त अंदाज; तस्वीरें हुईं वायरल

UP Politics: मायावती के फैसले से BSP में भूचाल, आकाश आनंद को सपा और संजय निषाद ने दिया साथ आने का न्योता